पीएम मोदी के Meditation पर ये क्या बोल गए तेजस्वी यादव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेडिटेशन को तेजस्वी यादव ने फोटोशूट करार दिया है। उन्होंने कहा कि जब यह फोटोशूट खत्म हो जाएगा वो वापस आ जाएंगे। इसके साथ ही तेजस्वी ने भरोसा जताया है कि इस चुनाव में इंडिया गठबंधन 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कन्याकुमारी में ध्यान कर रहे हैं। पीएम मोदी के ध्यान पर तंज कसते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि मोदी जी का कोई मेडिटेशन है, खाली फोटोशूट चल रहा है। फोटोशूट खत्म हो जाएगा तो वापस आ जाएंगे।

गौर करने वाली बात है कि पीएम मोदी इस वक्त कन्याकुमारी में हैं, वह ध्यान मंडपम में ध्यान कर रहे हैं। यह वही जगह है जहां पर स्वामी विवेकानंद को दैवीय दर्शन हुए थे, यहीं पर उन्हें भारत माता के दर्शन हुए थे।
आज लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। इस बीच तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों से कहेंगे कि घर से बाहर निकलें। जो लोग संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। जिनकी वजह से महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी बढ़ी है उनके खिलाफ वोट कीजिए।
तेजस्वी यादव ने भरोसा जताया है कि इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। गठबंधन को 300 से अधिक सीटें मिलने जा रही हैं और बिहार चौंकाने वाले नतीजे देने जा रहा है।
बता दें कि तेजस्वी यादव दिल्ली रवाना हो गए हैं, वह यहां इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने घर पर दोपहर 3 बजे बुलाई है। इस बैठक में इंडिया गठबंधन के तमाम नेता हिस्सा लेंगे। हालांकि ममता बनर्जी और एमके स्टालिन इस बैठक से दूर रह सकते हैं।
बैठक में जाने से पहले तेजस्वी ने कहा कि चुनाव के नतीजे आने के बाद यह तय होगा कि इंडिया गठबंधन से प्रधानमंत्री पद का दावेदार कौन होगा।












Click it and Unblock the Notifications