'कोहली खेले हैं मेरी कैप्टनशिप में, क्रिकेट के बारे में...' 9वीं फेल पर तेजस्वी का प्रशांत किशोर पर पलटवार
बिहार के उपमुख्यमंत्री रह चुके तेजस्वी यादव राज्य की राजनीति में एक प्रमुख व्यक्ति हैं। राजनीति में उनकी भूमिका के बावजूद उनकी शैक्षिक पृष्ठभूमि अक्सर चर्चा का विषय रही है। तेजस्वी यादव हमेशा अपनी पढ़ाई को लेकर आलोचनाओं का शिकार होते हैं। तेजस्वी यादव ने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी नहीं की और नौवीं कक्षा में फेल होने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।
अब तेजस्वी यादव ने अपने नौवीं फेल पर प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी यादव ने जन सुराज के प्रशांत किशोर के उस बयान पर भी पलटवार किया है, जिसमें उन्हें नौवीं फेल कहा गया है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि वह पढ़ाई पर इसलिए फोकस नहीं कर पाए क्योंकि वह एक प्रोफेशनल क्रिकेटर थे। तेजस्वी यादव ने कहा कि उनका लिगामेंट्स टूट गया था, इसिलए वह आगे नहीं खेल पाए।

ये भी पढ़ें- तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर साधा निशाना, कहा-'मुख्यमंत्री का इकबाल खत्म हो चुका'
तेजस्वी यादव बोले- हम क्रिकेटर रहे हैं, इसका तो कोई जिक्र भी नहीं करता
एक इंटरव्यू के दौरान जब तेजस्वी यादव से पूछा गया कि, 'जब प्रशांत किशोर आपको 9वीं फेल बताते हैं तो आपको कैसा लगता है? तेजस्वी यादव बोले, ''हम क्रिकेटर रहे हैं, इसका तो कोई जिक्र भी नहीं करता है। विराट कोहली मेरे कैप्टनशिप में खेले हैं, किसी ने इसका जिक्र किया है। क्यों नहीं करते भाई, एक प्रोफेशन के तौर पर, मैं एक क्रिकेटर था। मैं अच्छा क्रिकेट खेलता था। मेरे आधे से ज्यादा टीम इंडिया में मेरे बैचमेट्स हैं। वो तो मेरा दोनों लिगामेंट्स टूट गया पैर का, खैर छोड़िए।''
ये भी पढ़ें- प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव की अभिषेक बच्चन से की तुलना, खुद को बताया राजनीति का 'शाहरुख'
प्रशांत किशोर ने कहा- अब तो 10वीं पास कर लीजिए, 9वीं फेल नहीं कहेंगे
प्रशांत किशोर ने हाल ही में कहा है कि अब तो तेजस्वी यादव को 10वीं की परीक्षा देकर पास कर लेनी चाहिए। 10वीं पास कर लेंगे तो हम उन्हें 9वीं फेल नहीं कहेंगे। उन्हें उसके बाद 10वीं पास कहा जाएगा।
प्रशांत किशोर ने कहा, लोग मुझसे पूछते हैं कि आप तेजस्वी को 9वीं फेल क्यों कहते है? मुझको यह बात समझ नहीं आती की इसमें गलत क्या है? 9वीं फेल को तो वही कहा जाएगा। जैसे डॉक्टर इंजीनियर को हम डॉक्टर इंजीनियर कहते हैं, वैसे ही 9वीं फेल को 9वीं फेल ही कहेंगे ना।
प्रशांत किशोर क्या भाजपा के ब्रोकर हैं? तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
तेजस्वी यादव ने कहा, "भाजपा के कई ऐसे ब्रोकर हैं, जो कई पार्टियों और नेताओं को आगे कर देती है। हम किसी का नाम नहीं ले रहे हैं, कि कौन बीजेपी का ब्रोकर है। भाजपा का यही काम है, हर चुनाव में किसी न किसी को आगे कर दिया जाता है।''
प्रशांत किशोर किसके लिए काम करते हैं? इस सवाल के जवाब में तेजस्वी यादव ने कहा, ''वो तो नीतीश कुमार जी ने जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि अमित शाह जी के कहने पर उनको पार्टी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया था। देखिए ये बिहार है, जो उड़ती चिड़िया को हल्दी लगाता है ये बिहार...।''












Click it and Unblock the Notifications