जल जीवन हरियाली: बच्चों को जबरन नंगे पैर खड़ा करवाया गया: तेजस्वी यादव
नई दिल्ली। पर्यावरण को लेकर बिहार की नीतीश सरकार ने जल जीवन और हरियाली कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम की शुरुआत रविवार को पटना के गांधी मैदान में की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी सहित तमाम राज्य सरकार के मंत्री शामिल थे। लोगों को जागरूक करने के लिए एक मानव श्रंखला भी बनवाई गई। यही नहीं मुजफ्फरनगर के पोछा तहसील में गंडक नदी में नाव पर लोगों ने मानव श्रंखला बनाई। लेकिन सरकार के इस कार्यक्रम पर तेजस्वी यादव निशाना साधा है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि स्कूल के बच्चों को जबरन लाईन में खड़ा किया गया, उन्हें नंगे पैर खड़ा रहने के लिए मजबूर किया गया, जिसकी वजह से कई बच्चे बीमार पड़ गए हैं। यही नहीं दरभंगा में एक स्कूल शिक्षक की मौत हो गई। यह सब सिर्फ और सिर्फ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घमंड की वजह से हो रहा है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि जब बिहार में बाढ़ आई थी तो कोई हेलीकॉप्टर लोगों की मदद के लिए आया था, लेकिन इस मानव श्रंखला का वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया। रिकॉर्डिंग के लिए 15-16 हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया। इस सब पर काफी पैसे बर्बाद किए गए।
गौरतलब है कि बिहार में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि भाजपा और जदयू यह चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे। खुद अमित शाह ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि मैं हर अफवाह को खत्म कर देना चाहता हूं, यह चुनाव हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे। बिहार चुनाव में एनआरसी का मुद्दा काफी अहम रहने वाला है। यहां तक कि खुद जदयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने कहा है कि किसी भी सूरत में प्रदेश में एनआरसी को लागू नहीं होने देंगे। वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर इसका प्राथमिक चरण है। तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर इस मसले पर प्रदेश के लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications