BSF जवान के वीडियो की जांच के लिए कमांडिग अधिकारी को किया गया ट्रांसफर
तेज बहादुर के कथित वीडियों की जांच के लिए संबंधित कमांडिग अधिकारी को किया गया स्थानांतरित, जांच को प्रभावित नहीं कर सके इसलिए लिया गया यह कदम
नई दिल्ली। बीएसएफ जवान तेज बहादुर यादव जिसने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए उन्हें मिलने वाले खाने की शिकायत की थी उस मामले की जांच शुरु हो गई और जिस बटालियन में तेज बहादुर थे उसके कमांडिंग ऑफिसर का तबादला कर दिया गया है। यह तबादला इसलिए किया गया है ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। इस मामले की जानकारी देते हुए सेना के अधिकारी ने बताया कि 29वीं बटालियन के सीओ प्रवीण कुमार व दूसरे इंचार्ज को त्रिपुरा स्थानांतरित कर दिया गया है। इस मामले में बीएसएफ की ओर से निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

निष्पक्ष जांच के लिए हुआ तबादला
सेना के अधिकारी ने बताया कि जबतक तेज बहादुर की शिकायत की जांच की जा रही है इन अधिकारियों का तबादला किया जा रहा है ताकि इस मामले की जांच में वह किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं कर सके। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि जांच को किसी भी तरह से प्रभावित नहीं किया जा सके और यह निष्पक्ष हो। इस मामले में एक अन्य अधिकारी का कहना है कि इस शिकायत के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है जिसमें कितना सामान तमाम बटालियन के पास भेजा गया और कितना किस जवान तक पहुंचा है और ऐसा गृह मंत्रालय के निर्देश पर किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
गृह मंत्रालय ने हाल ही में पीएमओ को जो अपनी रिपोर्ट भेजी है उसमें कहा है कि बड़े पैमाने पर इस तरह की कोई शिकायत नहीं है और ना ही जवानों में इस तरह का असंतोष है। सेना को भेजे जाने वाले राशन की कोई कमी नहीं है और राशन को भेजने से पहले उसकी गुणवत्ता की जांच की जाती है। आपको बता दें कि हाल ही में तेज कुमान ने सेना की वर्दी में एक वीडियो शूट करके सोशल मीडिया पर साझा किया था जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उन्हें मिलने वाले खाने की गुणवत्ता काफी खराब है, जो राशन या सामना लाया जाता है उसे बाहर बेच दिया जाता है और इसमें सेना के अधिकारियों की मिलीभगत है। जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया में काफी तेजी से वायरल हुआ था और इसपर पीएमओ ने रिपोर्ट मांगी थी।
इसे भी पढ़ें- गृह मंत्रालय ने पीएमओ को बताया-बीएसएफ जवान तेज बहादुर यादव के खराब खाने की शिकायत नहीं है सही












Click it and Unblock the Notifications