TCS को विशाखापट्टनम में 99 पैसे में मिली 21.6 एकड़ जमीन, 12,000 लोगों को मिलेगा रोजगार
TCS Visakhapatnam land allotment: आंध्र प्रदेश सरकार ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को विशाखापट्टनम में 21.6 एकड़ ज़मीन मात्र 99 पैसे में आवंटित करने का निर्णय लिया है। इस फैसले को राज्य में आईटी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
राज्य के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश ने यह प्रस्ताव सफलतापूर्वक कैबिनेट में पेश किया और टाटा समूह के साथ लगातार संवाद कर इस फैसले को मूर्त रूप दिया। अक्टूबर 2024 में लोकेश ने मुंबई में टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन से मुलाकात कर आंध्र प्रदेश में एक बड़े आईटी हब की संभावनाएं रखीं थीं।

TCS अब विशाखापट्टनम में ₹1,370 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे लगभग 12,000 नौकरियों के अवसर सृजित होंगे। सरकार के अनुसार, यह परियोजना राज्य में प्रस्तावित 'डेटा सिटी' की आधारशिला साबित होगी।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया, "जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में टाटा मोटर्स को ज़मीन देकर ऑटोमोबाइल सेक्टर को गति दी थी, वैसे ही TCS को यह ज़मीन देकर आंध्र प्रदेश का आईटी सेक्टर नई ऊँचाइयों पर पहुंचेगा।"
इसके साथ ही मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जनवरी में दावोस में वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम के दौरान Google Cloud के CEO थॉमस कुरियन से मुलाकात की। उन्होंने विशाखापट्टनम में सर्वर डिजाइन सेंटर और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने का अनुरोध किया। Google Cloud पहले ही दिल्ली और मुंबई में अपने क्लाउड रीजन स्थापित कर चुका है और अब विशाखापट्टनम में 'डेटा सिटी' और एआई प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए राज्य सरकार के साथ एमओयू साइन कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications