करूर भगदड़ के मृतकों के परिजनों को 20 लाख मुआवजे का किया ऐलान, HC पहुंचे एक्टर विजय, CBI या SIT जांच की अपील
Tamil Nadu Karur stampede: तमिलनाडु के करूर में 27 सितंबर (शनिवार) को अभिनेता से नेता बने एक्टर विजय की रैली के दौरान हुई भगदड़ में 39 लोगों की मौत हो गई और लगभग 100 लोग घायल हो गए। एक्टर ने करूर में अपनी रैली में हुई भगदड़ में मारे गए 39 लोगों के परिवारों के लिए 20 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। टीवीके प्रमुख ने यह भी बताया कि उनकी पार्टी इस त्रासदी में घायल हुए लगभग 100 लोगों में से प्रत्येक को 2 लाख रुपये देगी।
वहीं इस घटना के बाद,एक्टर विजय ने राज्य की स्टालिन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें इसे DMK (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) की साजिश बताया जा रहा है। TVK ने इस मामले की गहन जांच के लिए मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।

SIT या CBI जांच करवाने की मांग
एनडीवी रिपोर्ट के अनुसार एक्टर विजय की पार्टी के वकील अरिवाजगन ने याचिका में एक विशेष जांच दल (SIT) के गठन या मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने की मांग की गई है। उन्होंने राज्य सरकार के उन दावों को सिरे से खारिज किया, जिनमें रैली में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की बात कही गई थी।
'सुनियोजित साजिश की बू आती है'
अरिवाजगन के अनुसार, "करूर हादसे में एक सुनियोजित साजिश की बू आती है। हमें स्थानीय लोगों और कुछ सीसीटीवी फुटेज से ऐसी विश्वसनीय जानकारी मिली है, जो दर्शाती है कि यह राज्य की सत्ताधारी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं की साजिश हो सकती है।"
स्टालिन सरकार ने विजय पर लगाया ये आरोप
दूसरी ओर, राज्य सरकार ने दावा किया है कि रैली स्थल पर दोपहर से ही भीड़ जमा होने लगी थी, जबकि विजय शाम 7 बजे पहुंचे। सरकार ने बताया कि रैली स्थल की क्षमता 10,000 लोगों की थी, लेकिन वहां 27,000 लोग जुट गए थे। राज्य सरकार ने इसे जानबूझकर भीड़ बढ़ाने का प्रयास बताया है।
हालांकि, TVK के वकील ने सरकार के इस दावे का खंडन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया, "विजय के देर से पहुंचने का कारण यातायात जाम था, इसमें पार्टी की कोई गलती नहीं थी।"
स्टालिन सरकार TVK नेताओं के खिलाफ इन गंभीर धाराओं में दर्ज करवाया केस
इस बीच, राज्य सरकार ने रैली में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में TVK के कुछ नेताओं के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसके अतिरिक्त, एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच का भी आदेश दिया गया है।
हादसे के बाद विजय क्या बोले?
बता दें अपने पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा की गई एक पोस्ट में, 51 वर्षीय अभिनेता-राजनेता ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका दिल बहुत पीड़ा में है। उन्होंने लिखा, "मेरे दिल की पीड़ा व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मेरी आंखें और मन दुख से भरा हुआ है।" उन्होंने आगे कहा, "जिन लोगों से मैं मिला हूं, उनके चेहरे मेरे सामने घूम रहे हैं। जैसे-जैसे मैं अपने उन प्रियजनों के बारे में सोचता हूं जो स्नेह और परवाह दिखाते हैं, मेरा दिल और अधिक टूट जाता है।"
मृतकों के परिजनों को 20 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये
विजय ने कहा, "यह हमारे लिए एक अपूरणीय क्षति है। कोई भी कितने भी सांत्वना के शब्द कहे, अपने प्रियजनों को खोने का दर्द असहनीय होता है। फिर भी, मैं आपके परिवार के सदस्य के रूप में, प्रत्येक परिवार को 20 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये देने का इरादा रखता हूं।"
विजय, जो अगले साल विधानसभा चुनावों में अपनी राजनीतिक शुरुआत की तैयारी कर रहे हैं, ने यह भी कहा, "यह राशि ऐसे नुकसान के सामने निश्चित रूप से बड़ी नहीं है। फिर भी, इस समय, एक भारी दिल के साथ आपके परिवार के सदस्य के रूप में आपके साथ खड़े रहना मेरा कर्तव्य है।"












Click it and Unblock the Notifications