Tamil Nadu News: विरुधुनगर की दो अलग-अलग पटाखा फैक्ट्रियों में विस्फोट, अब तक 13 की मौत
Tamil Nadu News: तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में आसपास कई पटाखा फैक्ट्रियां हैं। दिवाली के त्योहार में अब सिर्फ 25 दिन बचे हैं, पटाखा फैक्ट्रियों में दिन-रात काम चल रहा है। इसी बीच मंगलवार को जिले के रंगपालयम और किचनायकनपट्टी गांव स्थित दो पटाखा फैक्ट्री की इकाईयों में अचानक विस्फोट हो गया। सूचना पर अग्निशमन और बचाव विभाग मौके पर पहुंचा।
घटना में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। पुलिस, अग्निशमन और बचाव सेवा कर्मियों और जनता ने आग बुझाने और पीड़ितों को बचाने के लिए संयुक्त प्रयास में जुटे रहे।

अलग-अलग दो जगहों पर विस्फोट, 7 जले हुए शव बरामद
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रंगपालयम में पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुए विस्फोट से 7 जले हुए शव बरामद किए गए और उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को संदेह है कि वे श्रमिक हो सकते हैं। वहीं, हादसे से बचाए गए तीन लोगों की चोटों के कारण मौत हो गई। वहीं, किचनायकनपट्टी गांव में एक पटाखा फैक्ट्री इकाई में ऐसी ही एक और घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उसकी पहचान वेम्बू (35) के रूप में हुई है। बचाई गईं दो महिला श्रमिकों को इलाज के लिए श्रीविल्लीपुत्तूर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
'मृतक के परिवारों को 3 लाख रुपए की सहायता राशी'
वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दुर्घटना में जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिवारों के लिए 3 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों के लिए 1 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की।
जुलाई में भी हुआ था हादसा
आपको बता दें कि जुलाई में थैलपट्टी के बगल में मंगुंडमबत्ती में आरएसआर पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में 3 लोगों की मौत हो गई थी। पिछले हफ्ते अरियालुर के पास एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में दस से ज्यादा लोग मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications