Tamil Nadu karur stampede: एक्टर विजय की रैली मामले में हुई पहली गिरफ्तारी, TVK जिला सचिव मथियाझागन अरेस्ट
Tamil Nadu karur stampede: तमिलनाडु के करूर जिले में हुई भगदड़ के मामले में अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के जिला सचिव मथियाझगन को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना में 41 लोगों की मौत हो गई थी और 60 अन्य घायल हुए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मथियाझगन पर हत्या, गैर इरादतन हत्या और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं। एफआईआर में उन्हें मुख्य आरोपी बनाया गया है। NDTV और इंडिया टुडे की रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है।

शनिवार को TVK द्वारा आयोजित एक राजनीतिक रैली में भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे भगदड़ मच गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में महिलाओं और बच्चों सहित 40 से अधिक लोगों की जान चली गई। इंडियन एक्सप्रेस तमिल की रिपोर्ट के अनुसार, भगदड़ के बाद से जिला सचिव कथित तौर पर फरार थे।
स्थानीय मीडिया सूत्रों के अनुसार, TVK नेता को करूर के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। एफआईआर में विजय और TVK पर भी आरोप लगाए गए हैं। सोमवार को सामने आई एफआईआर में TVK के तीन प्रमुख पदाधिकारियों - करूर उत्तर जिला सचिव मथियाझगन, राज्य महासचिव बुस्सी आनंद और उप महासचिव निर्मल कुमार को नामजद किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि उन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 125 (दूसरों के जीवन को खतरे में डालना), और 223 (आदेश की अवहेलना) के तहत आरोप लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, उन पर तमिलनाडु सार्वजनिक संपत्ति (क्षति और हानि की रोकथाम) अधिनियम 1992 की धारा 3 भी लगाई गई है।
एफआईआर के अनुसार, अधिकारियों ने घटना के लिए पार्टी और अभिनेता-राजनेता विजय को जिम्मेदार ठहराया है। पीटीआई से बात करते हुए अधिकारियों ने बताया कि करूर रैली के दौरान विजय के आने में देरी के कारण भीड़ बेकाबू हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, कई लोग अभिनेता को बेहतर ढंग से देखने के लिए स्टील शेड और पेड़ों पर चढ़ गए थे। जब ये शेड गिरे, तो नीचे खड़े लोग उनकी चपेट में आ गए, जिससे भगदड़ मच गई।












Click it and Unblock the Notifications