तमिलनाडु: चुनाव से पहले DMK को झटका, विधायक पी. सरवणन ने थामा बीजेपी का हाथ
चेन्नई: तमिलनाडु में भी चुनावों का ऐलान हो चुका है, जिस वजह से वहां पर जोड़-तोड़ की राजनीति जारी है। रविवार को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम यानी डीएमके को एक बड़ा झटका लगा, जहां उसके मौजूदा विधायक पी. सरवणन ने पार्टी को छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। उन्होंने 2019 के उपचुनाव में अच्छा प्रदर्शन करते हुए थिरुपरंकुन्द्रम की सीट पार्टी को दिलाई थी।

जानकारी के मुताबिक वो मौजूदा विधायक थे, इसके बावजूद डीएमके ने उनकी सीट भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के खाते में डाल दी। जिस वजह से पी. सरवणन नाराज चल रहे थे। बीजेपी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने कहा कि मैं 6 साल पहले बीजेपी का सदस्य था। आज मैंने पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में फिर से पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया। मैं बहुत खुश हूं। उनके मुताबिक आज पूरी दुनिया भारत में बनी कोरोना वैक्सीन का इस्तेमाल कर रही। ये मोदी सरकार के नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि है। इसे नकारा नहीं जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि एक डॉक्टर के रूप में पहले कोरोना वायरस की वैक्सीन ली थी। मोदी सरकार ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए जो बेहतरीन काम किया, उसे पूरी दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा कि वो फिर से राज्य में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। साथ ही उन्हें बीजेपी के सत्ता में आने की पूरी उम्मीद है। आपको बता दें कि तमिलनाडु में सिर्फ एक चरण में ही चुनाव होंगे, जिसके तहत 6 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि 2 मई को नतीजे आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications