तमिलनाडु: मंदिर उत्सव कार्यक्रम के दौरान क्रेन गिरी, 4 की मौत, 9 घायल
तमिलनाडु में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां मंदिर उत्सव कार्यक्रम में क्रेन पलट गई। जिससे चार लोगों की जान चली गई।

तमिलनाडु के अक्कोणम के कीलवीथी में एक बड़ा हादसा हुआ है, जहां मंदिर में उत्सव कार्यक्रम के दौरान एक क्रेन गिर गई। जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौत हुई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिसमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में पुलिस ने क्रेन के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है, क्योंकि कार्यक्रम में उसके इस्तेमाल की इजाजत नहीं ली गई थी।
जानकारी के मुताबिक रानीकोट जिले के अक्कोणम क्षेत्र स्थित मंडियम्मन मंदिर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसके लिए दूर-दूर से लोग वहां पहुंचे थे। चश्मदीदों ने बताया कि 8 लोग 25 फीट ऊंची क्रेन पर सवार थे। ये क्रेन देवता को माला पहनाने के लिए बुलाई गई थी। वो लोग माला पहना पाते इससे पहले क्रेन असंतुलित होकर गिर गई। जिससे चार लोगों की मौत हुई, जबकि 9 लोग घायल हो गए। जिनको अक्कोणम और तिरुवल्लूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक उत्सव में 1500 से ज्यादा भक्त मौजूद थे, जो आसपास के गांवों, बस्तियों से आए थे। सुरक्षा के मद्देनजर वहां पर 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई थी। क्रेन बिना इजाजत के वहां पहुंची थी, ऐसे में उसके ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है। क्रेन जब गिरी तो उसकी चपेट में आकर कई लोग घायल हुए। इसके अलावा वहां पर भगदड़ मच गई थी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तुरंत हालात कंट्रोल कर लिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
केरल में 5 लोगों की मौत
वहीं केरल में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां एक कार की ट्रक से टक्कर हो गई। ये घटना अलप्पुजा जिले के अंबलपुजा में हुई। चश्मदीदों के मुताबिक घटना में चार लोगों की मौत तुरंत हो गई थी, जबकि एक शख्स ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।












Click it and Unblock the Notifications