Tamil Nadu Assembly Election 2026: क्या रात 8 बजे तक डाले जाएंगे वोट? थलपति विजय ने क्यों रखी इतनी बड़ी मांग?
Tamil Nadu Assembly Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के बीच अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख Vijay ने मतदान व्यवस्था को लेकर चुनाव आयोग के सामने बड़ा मुद्दा उठाया है। पहली बार विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक परीक्षा दे रहे विजय ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि राज्य के कई हिस्सों, खासकर चेन्नई और अन्य बड़े शहरों में सार्वजनिक परिवहन लगभग ठप हो गया है।
बड़ी संख्या में मतदाता बस अड्डों पर फंसे हुए हैं और अपने मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे। विजय ने इसे सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि मतदाताओं के अधिकार पर सीधा असर बताया है। उन्होंने मतदान समय बढ़ाने और तुरंत अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की है।

बस अड्डों पर फंसे हजारों मतदाता
विजय ने अपने पत्र में कहा कि तमिलनाडु के कई शहरों में हजारों लोग बस टर्मिनलों पर घंटों से इंतजार कर रहे हैं। इनमें वे लोग भी शामिल हैं जो दूसरे राज्यों, दूसरे शहरों और विदेशों से वोट डालने के लिए लौटे हैं। लेकिन बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों की कमी के कारण वे मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे।
उनका कहना है कि चुनाव ड्यूटी के लिए बड़ी संख्या में सरकारी बसों और वाहनों को लगा दिया गया, लेकिन आम मतदाताओं के लिए समानांतर व्यवस्था नहीं की गई।
ये भी पढ़ें: Tamil Nadu Assembly Election Voting Percentage: 234 सीटों पर वोटिंग जारी, कितने प्रतिशत हुआ मतदान?
'यह छोटी परेशानी नहीं'
TVK प्रमुख ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक सामान्य असुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि यह योजना की बड़ी विफलता है, जो लोगों के मौलिक अधिकार यानी मतदान के अधिकार को प्रभावित कर रही है।
विजय ने आरोप लगाया कि राज्य परिवहन निगम और प्रशासन की यह खराब तैयारी बड़ी संख्या में मतदाताओं को वोट देने से रोक सकती है। इससे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।
विजय ने की मतदान रात 8 बजे तक बढ़ाने की मांग
विजय ने चुनाव आयोग से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में मतदान का समय शाम 6 बजे से बढ़ाकर रात 8 बजे तक किया जाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग यात्रा में फंसे हैं और कई जगह मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें भी लगी हुई हैं।
उनका कहना है कि चुनाव आयोग के पास मतदान समय बढ़ाने का अधिकार है और पहले भी ऐसी परिस्थितियों में यह फैसला लिया जा चुका है। इसलिए इस बार भी हर मतदाता को मौका मिलना चाहिए।
अतिरिक्त बसें और शटल सेवा शुरू हो
विजय ने अपने पत्र में यह भी कहा कि चुनाव आयोग राज्य परिवहन विभाग और जिला चुनाव अधिकारियों को तुरंत निर्देश दे कि अतिरिक्त सरकारी बसें, शटल सेवाएं और अन्य वाहन चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं का इस्तेमाल खास तौर पर बस अड्डों पर फंसे मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए होना चाहिए। किसी भी नागरिक को केवल प्रशासनिक लापरवाही की वजह से मतदान से वंचित नहीं होना चाहिए।
लंबी कतारों पर भी उठाया सवाल
विजय ने कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों की खबरों पर भी चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग एक निगरानी अधिकारी नियुक्त करे, जो नियमित रूप से मतदान केंद्रों का दौरा करे और यह सुनिश्चित करे कि मतदान प्रक्रिया बिना देरी और व्यवस्थित तरीके से चले। उन्होंने कहा कि जो मतदाता संशोधित समय सीमा तक मतदान केंद्र परिसर में पहुंच जाएं, उन्हें बिना किसी परेशानी के वोट डालने दिया जाना चाहिए।
चुनाव आयोग से तुरंत कार्रवाई की अपील
विजय ने चुनाव आयोग से कहा कि वह मतदान के दिन सिर्फ मूक दर्शक बनकर न रहे। उन्होंने कहा कि वोट देने का अधिकार भारतीय लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है और यदि आज तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो इससे न केवल मतदान प्रतिशत प्रभावित होगा, बल्कि लोगों का चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा भी कमजोर होगा।
तमिलनाडु की 234 सीटों पर मतदान
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को मतदान हो रहा है। सुबह 6 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक जारी रहने वाली है। अब सभी की नजर चुनाव आयोग के फैसले पर है कि क्या मतदान समय बढ़ाया जाएगा या नहीं।
ये भी पढ़ें: By Elections Voting Percentage: गुजरात और महाराष्ट्र के 3 सीटों पर मतदान, 9 बजे तक कितने प्रतिशत वोटिंग?












Click it and Unblock the Notifications