तालिबान 'जीत' तो गया लेकिन 31 अगस्त से पहले नहीं बना पाएगा सरकार, अमेरिका से डील बनी बाधा
नई दिल्ली, अगस्त 20। अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा होने के बाद अब तालिबानी नेता वहां पर नई सरकार के गठन की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि वो इस काम में किसी तरह की जल्दबाजी नहीं चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अफगान अधिकारी ने बताया है कि तालिबान के नेताओं की 31 अगस्त तक नई सरकार के गठन को लेकर कोई योजना नहीं है। आपको बता दें कि ये तारीख अमेरिकी सैनिकों की अफगानिस्तान से पूर्ण वापसी की समयसीमा है।

तालिबान का है अमेरिका से ये समझौता
न्यूज 18 की खबर के मुताबिक, अफगान अधिकारी ने अपने नाम को उजागर नहीं करने की की शर्त पर बताया है कि तालिबान के मुख्य वार्ताकार अनस हक्कानी ने अपनी पूर्व सरकार के वार्ताकारों से कहा है कि तालिबान का अमेरिका के साथ समझौता है कि जब तक उनके सैनिकों की वापसी नहीं हो जाती, तब तक राजनीतिक क्षेत्र में कुछ नहीं करना है।
क्या योजना होगी तालिबान की?
अफगान अधिकारी ने बताया कि हक्कानी के बयान से यह चिंता उभरती है कि तालिबान 31 अगस्त के बाद के लिए क्या योजना बना रहा है और क्या वे अगली सरकार में गैर तालिबानी अधिकारियों को शामिल करने के वादे को पूरा करेंगे। तालिबान ने अभी तक यह नहीं बताया है कि अफगान राष्ट्रीय सुरक्षा बलों को बदलने की उनकी योजना है या नहीं।
अफगानिस्तान में 5200 सैनिकों की है मौजूदगी
आपको बता दें कि अफगानिस्तान में अभी अमेरिकी सैनिकों की संख्या 5200 के करीब है। ये जानकारी अमेरिकी सेना के एक जनरल ने दी है।अमेरिकी सेना के मेजर जनरल विलियम हैंक ने गुरुवार को कहा था कि काबुल में अमेरिकी सैनिक 5200 से अधिक है। उन्होंने कहा कि काबुल हवाई अड्डा सुरक्षित है और उड़ान संचालन के लिए खुला है। उन्होंने कहा कि अभी तक अफगानिस्तान से 7,000 लोगों को निकाला जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications