ताज महल में फिर उड़ी सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां, मुख्य स्मारक के सामने लहराया गया मलेशिया का झंडा...
Taj Mahal Security Breach: ताजमहल मुख्य स्मारक के सामने मलेशिया का झंडा लहराए जाने के बाद इस ऐतहासिक धरोहर की सुरक्षा व्यस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार, 15 जनवरी की सुबह सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पर्यटकों के एक ग्रुप ने ताजमहल परिसर में मलेशिया के झंडे के साथ फोटो खिंचवाई। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है।
वीडियो सामने आने के बाद एएसआई और सीआईएसएफ एक्शन में है। एएसआई के अधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ से इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है। घटना आज सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। मलेशिया के 8-10 महिला पर्यटकों का एक ग्रुप ताजमहल के अंदर पहुंचा और मुख्य एंट्री के बाद रास्ते के बीच में खड़े होकर अपने देश के झंडे के साथ फोटो खिंचवाई।

महिलाओं का ग्रुप काफी देर तक फोटो खींचता रहा। इस बीच आसपास से दूसरे पर्यटक भी गुजरते रहे। इस दौरान किसी भी सुरक्षा कर्मी ने ना तो उन्हें रोका और ना ही किसी गाइड ने उन्हें ऐसा करने के लिए टोका। घटना का एक अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ड्यूटी में तैनात स्टाफ से मांगा गया स्पष्टीकरण
इस पूरे प्रकरण को लेकर एएसआई के अधीक्षक अभियंता राजकुमार पटेल ने कहा, "मामले की जानकारी मिली है। ड्यूटी पर उस समय मौजूद एएसआई और सीआईएसएफ के जवानों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सुरक्षा में यह गलती हुई है। जानकारी मिली है कि झंडे का कपड़ा बहुत महीन था। शायद कोई अपने पर्स या जेब में रखकर लाया होगा।"
ताज महल में इन चीजों की नहीं है अनुमति:
1. ताजमहल के अंदर सीआईएसएफ और ताज सुरक्षा चौकी इंचार्ज के अलावा किसी भी व्यक्ति को हथियार ले जाने की अनुमति नहीं है। चाहे वो किसी भी सुरक्षा एजेंसी से तालुक रखता हो।
2. खाने पीने की चीजें नहीं ले जाने की भी मनाही है, केवल पानी की बोतल लेकर जा सकते हैं।
3. ताजमहल के अंदर किसी भी देश का झंडा या किसी भी तरह का प्रचार करता हुआ कपड़ा, पोस्टर या बैनर ले जाना मना है। सिर्फ धार्मिक वक्तव्य लिखा कपड़ा पहन कर जा सकते हैं।
4. बिना तलाशी के कोई भी ताजमहल के अंदर प्रवेश नहीं कर सकता है। फिर वो चाहे सुरक्षा कर्मी हो, वीआईपी हो या आम जनता हो।
5. ताजमहल के 100 मीटर के दायरे में कोई भी पेट्रोल या डीजल का वाहन नहीं चल सकता है।
6. ताजमहल के 100 मीटर के दायरे में ताज सुरक्षा और आरटीओ की ओर से जारी पास वाली गाड़ियां ही अंदर प्रवेश करती हैं।
7. ताजमहल तक आने के लिए गोल्फ कार्ट चलती हैं। इसके अलावा अन्य कोई वाहन चलाने की अनुमति नहीं है।
8. ताजमहल के अंदर किसी भी अखबार, न्यूज चैनल की आईडी या माइक नहीं ले जा सकते हैं।
9. ताजमहल परिसर में रॉयल गेट के रेड प्लेटफॉर्म तक ही वीडियोग्राफी मान्य है। इसके आगे के लिए एएसआई के यहां फीस जमा करनी होती है।
10. मुख्य गुंबद में जूते पहन कर प्रवेश की अनुमति नहीं है।
हाल ही में शाहजहां के तीन दिन के उर्स का आयोजन ताज महल में हुआ था। इस दौरान भी कई नियम टूटे थे। ताजमहल के अंदर चादरपोशी के लिए पहुंचने वाले अकीदतमंद ढोल बजाते हुए पहुंचे थे। उर्स के दौरान दो दिन तक ताजमहल में दोपहर दो बजे से एंट्री फ्री होती है। अंतिम दिन पूरा दिन फ्री एंट्री मिलती है। ऐसे में ताजमहल के मुख्य गुंबद तक लोग जूते पहन कर पहुंच गए थे। साथ ही साथ पूरे परिसर में शू कवर फैले हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications