तीन तलाक बिल पर कांग्रेस सांसद सुष्मिता देव बोलीं- मुंह में राम, बगल में छूरी से हमें ऐतराज
नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र में आज तीन तलाक बिल पर विपक्ष और सरकार के बीच तीखी बहस हो रही है। कांग्रेस सहित तमाम दल बिल को ज्वाइंट सेलेक्ट कमेटी में भेजने की मांग पर अड़े हैं जबकि सरकार का कहना है कि पहले ही विपक्ष के सुझावों को बिल में शामिल कर लिया गया है। लोकसभा में बहस के दौरान असम की कांग्रेस सांसद सुष्मिता देव ने कहा कि महिलाओं के अधिकार के सवाल पर नहीं, लेकिन मुंह में राम बगल में छूरी से हमें ऐतराज है।

सुष्मिता देव ने कहा कि हमारी मांग है कि इस बिल को क्लोज स्क्रूटनी के लिए जॉइंट सेलेक्ट कमेटी में भेजा जाए। सुष्मिता देव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि तीन तलाक कानून के नाम पर आप मुस्लिम महिलाओं को कानूनी केस के अलावा क्या दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाहबानो-सायरा बानो केस से हमें सीखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर किसी कानून ने मुस्लिम महिलाओं को अधिकार दिया तो वह राजीव गांधी सरकार द्वारा लाए गए 1986 के कानून से मिला है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि इस्लाम के रिवाजों में दखल देने का हक ना कोर्ट को है और ना संसद को।
बता दें कि लोकसभा में चर्चा में के लिए भाजपा ने अपने तमाम सांसदों को व्हिप जारी करके सदन में उपस्थित रहने को कहा था। तीन लाइन के व्हिप में बीजेपी ने सभी सांसदों को 27 दिसंबर को दिन भर सदन में मौजूद रहने के लिए कहा था। तीन तलाक बिल का कई विपक्षी दल पहले से विरोध करते रहे हैं और आज भी चर्चा के दौरान जमकर हंगामा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications