सोनिया बनीं पीएम तो होगा 100 करोड़ लोगों का अपमान: सुषमा
नयी दिल्ली। बीजेपी की वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने 2004 में एक कसम खाई थी। सुषमा ने प्रतिज्ञा ली थी कि अगर कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी देश की पीएम बनती हैं तो वो अपना मुंडन करवा लेंगी। आज एक बार से सुषमा को अपनी ये प्रतिज्ञा याद आ गई है। दरअसल एकबार फिर से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा राख के नीचे सुलग रहा है। भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने इसे एकबार फिर से हवा देकर सुलगाने का काम किया है।
सुषमा ने अपनी कसम दोबारा से दोहराई है। उन्होंने कहा है कि वो अब भी इस मसले पर सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ हैं। एक कार्यक्रम के दौरान सुषमा ने सोनिया के विदेशी मूल के मुद्दे को दुबारा से उठाते हुए कहा कि सोनिया गांधी हमारे देश में इंदिरा गांधी की पुत्रवधू और राजीव गांधी की पत्नी के रूप में आई थीं। इसलिए वो हमारे प्यार और स्नेह की हकदार हैं। कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में वह हमारे सम्मान की हकदार हैं, लेकिन अगर सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनना चाहती हैं, तो मैं इस पक्ष में नहीं हूं।

सोनिया के पीएम बनने के मुद्दे का विरोद करते हुए भरी सभा में बीजेपी नेता सुषमा ने कहा कि भारत पर 150 सालों से अधिक समय तक विदेशियों ने शासन किया। देश विदेशी शासन के अधीन रहा। हजारों लोगों ने अपनी जीवन का बलिदान देकर ये आजादी पाई है, लेकिन अगर 60 साल की आजादी के बाद, हम किसी विदेशी को शीर्ष पद पर बिठाते हैं, तो इसका मतलब यह होगा कि 100 करोड़ लोग अक्षम हैं।
कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के विदेशी नस्ल के मुद्दे को उठाते हुए सुषमा ने कहा कि अगर सोनिया गांधी देश की प्रधानमंत्री बनती है तो इससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचेगी। सुषमा ने कहा कि सोनिया को पीएम ना बनने देना मेरे लिए एक मिशन जैसा था।












Click it and Unblock the Notifications