जानिए, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को क्यों कहना पड़ा- मैं हूं, मेरा भूत नहीं!
नई दिल्ली- विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उनको लेकर ट्विटर पर उठाए गए एक सवाल का बहुत ही दिलचस्प जवाब दिया है। दरअसल, किसी आदमी ने सुषमा के एक ट्वीट पर लिखा था कि उनकी ओर से जो ट्वीट किया जाता है, उसके लिए उन्होंने जरूर किसी को नियुक्त कर रखा होगा। इसपर विदेश मंत्री ने उसे यह कहकर निश्चिंत रहने को कहा कि वो अपना ट्विटर हैंडल खुद ही संभालती हैं, उनके बदले कोई 'भूत' उनका काम नहीं करता।

दअरसल, पिछले 5 वर्षों में सुषमा ने अपनी छवि मात्र एक ट्वीट पर उचित कार्रवाई करने वाली विदेश मंत्री के रूप में बनाई है। उन्होंने मोदी कैबिनेट में एक टेक-सेवी मंत्री के रूप में भी अपनी पहचान कायम की है। दरअसल, ट्विटर पर सुषमा के एक जवाब पर एक आदमी ने ट्विट किया कि 'निश्चित तौर पर ये ट्विट्स सुषमा स्वराज नहीं कर रही हैं, बल्कि यह काम कोई पीआर में लगा इंसान कर रहा है, जिसके लिए उसे पैसे मिलते होंगे।' सुषमा ने इस बात पर उसे जवाब दिया कि- "निश्चिंत रहिए- ये मैं हूं, मेरा कोई भूत नहीं।"
ये मामला तब शुरू हुआ जब सुषमा ने शनिवार को ट्वीट कर बताया था कि जर्मनी में एक भारतीय दंपत्ति की छुरा घोंपकर हत्या कर दी गई है। इसपर एक व्यक्ति ने सुषमा से पूछा कि आपने अपने नाम के आगे चौकीदार क्यों लगाया है। इस पर सुषमा ने उसे जवाब दिया कि वो देश के बाहर भारत और भारतीय नागरिकों के हितों की चौकीदारी कर रही हैं इसलिए।
गौरतलब है कि सुषमा स्वराज ट्विटर के माध्यम से विदेशों में मुश्किलों में फंसे भारतीयों की समस्याओं का समाधान करने के लिए मशहूर हैं। उनके मंत्रालय से जुड़ा जब भी कोई विषय उनकी जानकारी में आया है, उन्होंने तत्काल अपने स्तर पर उसके निपटारे का प्रयास किया है।
जर्मनी वाले केस में भी उन्होंने तुरंत वहां मौजूद भारतीय अधिकारियों को मारे गए दंपत्ति के दोनों बच्चों की देखभाल करने और मृतक के भाई प्रशांत को जर्मनी भेजने का इतंजाम करने की जानकारी ट्विटर पर ही दी थी। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं भी जाहिर की थी। इसी महीने की शुरुआत में इथियोपिन एयरलाइंस हादसे में मारे गए 4 भारतीयों के परिवार वालों से संपर्क करने के लिए भी उन्होंने सोशल मीडिया पर अपील की थी।












Click it and Unblock the Notifications