Sushil Modi Funeral: गंगा घाट पर पंचतत्व में विलीन हुए सुशील मोदी, राजकीय सम्मान के साथ संस्कार, उमड़ी भीड़
Sushil Modi Funeral: दिल्ली में निधन के बाद बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व दिग्गज बीजेपी नेता पार्थिव शरीर विशेष विमान से पटना लाया गया। जहां उनके अंतिम संस्कार की तैयारियों का पूरा प्रबंध किया गया था। बीजेपी ने बीजेपी के मंगलवार के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। बीजेपी कार्यालय से लेकर गंगाघाट तक उनके अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के पर्थिव शरीर के साथ उन्हें अंतिम विदाई देने भारी संख्या में भीड़ उमड़ी। बीजेपी प्रदेश कार्यालय से साढ़े सात बजे दीघा घाट के लिए शव यात्रा निकाली गई। उनके बड़े बेटे उत्कर्ष तथागत ने मुखाग्नि दी। बीजेपी के दिग्गज नेता का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर विशेष विमान से नई दिल्ली से पटना के राजेंद्र नगर इलाके में उनके आवास पर लाया गया था। उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, नेता और आमजन शामिल हुए।
पटना एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर को राजेंद्र नगर स्थित उनके पैतृक आवास ले जाया गया। इसके बाद पार्थिव शरीर आरएसएस के क्षेत्रीय कार्यालय और फिर विधानसभा परिसर पहुंचा। पार्टी कार्यालय में समारोह के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्थिव शरीर पर फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
राजेंद्र नगर इलाके में उनके आवास पर सार्वजनिक श्रद्धांजलि के बाद उनके पार्थिव शरीर को बिहार विधानसभा और फिर प्रदेश भाजपा कार्यालय ले जाया गया। यहां भी बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को दीघा घाट ले जाया गया।
दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
सीएम नीतीश ने सुशील कुमार मोदी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा " स्व. सुशील कुमार मोदी जी जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही थे, उन्होंने हमारे साथ काफी वक्त तक काम किया. मेरा उनके साथ व्यक्तिगत संबंध था और उनके निधन से मैं मर्माहत हूं।"
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार ने भी शोक जताया। लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित राजद परिवार ने सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
कुशल नेता खो दिया: संघ प्रमुख
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत और सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने सुशील मोदी के निधन पर दुख व्यक्त किया। संघ प्रमुख ने कहा,"बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और संसद सदस्य सुशील कुमार मोदी के आकस्मिक निधन से अत्यंत दुख हुआ। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, असख्ंय मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं।"












Click it and Unblock the Notifications