साल 2020 में इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सर्च किए गए सुशांत सिंह राजपूत, इन हस्तियों के नाम भी लिस्ट में शामिल
नई दिल्ली। वर्ष 2020 का अपनी आखिरी दहलीज पर पहुंच गया है। दिसंबर माह की शुरुआत के साथ ही अगले साल का इंतजार शुरू हो गया है। यह वर्ष पूरी दुनिया के लिए अबतक का सबसे मुश्किल साल रहा है। कोरोना महामारी के चलते लाखों लोगों की जान चली गई, करोड़ो लोग इस संक्रमण की चपेट में आए। इस साल कोरोना के अलावा कई ऐसी घटनाएं हुई जिसने बहुत कुछ बदल कर रख दिया। इस साल फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने दुनिया को अलविदा कह दिया। इसमे जो बड़े नाम शामिल हैं वो सुशांत सिंह राजपूत, इरफान खान, ऋषि कपूर हैं। लेकिन इन सभी में से सुशांत सिंह राजपूत की मौत सबसे ज्यादा चर्चा में रही।
Recommended Video

इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सुशांत को किया गया सर्च
सुशांत सिंह राजपूत को फिल्म जगत का बड़ा सितारा माना जाता था, लेकिन जिस तरह से 14 जून को अचानक सुशांत सिंह राजपूत का शव उनके फ्लैट पर मिला उसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। यही वजह है कि याहू इंडिया की सर्च में सुशांत सिंह राजपूत को सबसे ज्यादा सर्च किया गया। वर्ष 2020 में सुशांत सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाली हस्ती बने। इस सर्च लिस्ट में सुशांत की गर्लफ्रैंड रिया चक्रवर्ती का नाम भी शामिल है। सुशांत की मौत के बाद रिया का नाम काफी सुर्खियों में रहा, उनपर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने, ड्रग्स पहुंचाने के आरोप लगे।

इन हस्तियों को भी लोगों ने खूब किया सर्च
साल 2020 में याहू पर सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाली हस्तियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, अमिताभ बच्चन, कंगना रनौत का भी नाम शामिल हैं। इन हस्तियों को भी इंटरनेट पर लोगों ने खूब सर्च किया। याहू की जो लिस्ट सामने आई है उसके अनुसार सुशांत सिंह राजपूत के बाद सबसे ज्यादा अमिताभ बच्चन को सर्च किया गया। इसके बाद अक्षय कुमार, सलमान खान का नंबर आता है। जबकि इरफान खान का नंबर पांचवे पायदान पर आता है। टॉप 5 में सुशांत सिंह राजपूत, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, सलमान खान, इरफान खान के बाद इस लिस्ट में ऋषि कपूर, एसपी बालासुब्रमण्यम, सोनू सूद, अनुराग कश्यप, अल्लू अर्जुन का नाम आता है। इन हस्तियों को भी लोगों ने इंटरनेट पर खूब सर्च किया।

महिला हस्तियों में इन्हें किया गया सबसे अधिक सर्च
अगर महिला फिल्मी हस्तियों की बात करें तो सबसे ज्यादा सुशांत की गर्लफ्रैंड रिया चक्रवर्ती को लोगों ने सर्च किया, इसके बाद कंगना रनौत, दीपिका पादुकोण का नंबर आता है। वहीं सनी लियोनी इस लिस्ट में चौथे पायदान पर रहीं। इसके बाद इस लिस्ट में प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ, नेहा कक्कड़, कनिका कपूर, करीना कपूर खान और सारा अली खान का नाम शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications