Survey on Lok Sabha Election: नरेंद्र मोदी या राहुल गांधी, कौन है मुस्लिम मतदाताओं के लिए पीएम पद की पसंद?
लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही महीनों का वक्त बाकी रह गया है। इस बीच प्रधानमंत्री पद को लेकर एक सर्वे सामने आया। जिसमें बताया गया कि बड़ी संख्या में मुसलमान राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनते हुए देखना चाहते हैं। हालांकि सभी धर्मों और जातियों को देखा जाए तो पीएम मोदी ही पहली पसंद हैं।
इंडिया टीवी-सीएनएक्स ओपिनियन पोल के मुताबिक 70 फीसदी अगड़ी जाति के मतदाता नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम के रूप में देखना चाहते हैं, जबकि उनमें से केवल 12 फीसदी ने ही राहुल गांधी पर भरोसा जताया।

अन्य नेताओं की बता करें, तो अगड़ी जाति में सिर्फ 6 प्रतिशत लोग ही अरविंद केजरीवाल को पीएम पद की पहली पसंद मानते हैं, जबकि चार प्रतिशत ने ममता बनर्जी को चुना। इस सर्वे में सबसे खराब हालत नीतीश कुमार की रही, उनको सिर्फ 1 प्रतिशत लोगों ने ही अपनी पसंद माना।
मुस्लिम मतदाताओं की बात करें, तो 54 प्रतिशत ने राहुल गांधी को पहली पसंद माना है। इसके बाद दूसरे नंबर पर केजरीवाल हैं, उनके नाम पर 14 प्रतिशत ने सहमति जताई। वहीं अखिलेश यादव को 8 और पीएम मोदी को सिर्फ 3 प्रतिशत लोगों ने चुना।
ओवरऑल सर्वे को देखा जाए तो 61 प्रतिशत मतदाता नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम पद के रूप में देखना चाहते हैं, जबकि 21 प्रतिशत की पसंद राहुल गांधी हैं। वहीं 3-3 प्रतिशत ने ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल को चुना। सभी जातियों को मिलाने के बाद भी नीतीश कुमार की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उनको कुल दो प्रतिशत लोग ही पीएम बनते हुए देखना चाहते हैं।
ओबीसी मतदाताओं की भी पहली पसंद पीएम मोदी
अगर ओबीसी की बात करें तो 64% ओबीसी लोगों ने नरेंद्र मोदी को पीएम पद के लिए चुना है, तो वहीं 15% ओबीसी लोगों की पसंद पीएम पद के लिए राहुल गांधी हैं। बिहार के सीएम नीतीश कुमार को 3% ओबीसी लोग चाहते हैं कि वो पीएम बनें। इस लिस्ट में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को 3% और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव को 5% वोट मिला है।












Click it and Unblock the Notifications