मोदी से राहुल तक, सुप्रिया सुले की बेटी की रिसेप्शन पार्टी में जुटे दिग्गज! परिसीमन पर पवार और PM में हुई बात?
Supriya Sule Reception: PM Modi-Sharad Pawar: दिल्ली में सोमवार (11 अगस्त) की शाम नसीपी शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के रिसेप्शन पार्टी में देश के सभी दिग्गज नेता जुटे थे। दिल्ली के 6 जनपथ वाले पवार परिवार के बंगले पर ये पार्टी आयोजित की गई थी। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह से लेकर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव समेत लगभग पूरा सत्ताधारी दल और विपक्ष एक साथ था।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पीएम मोदी और शरद पवार की एक साथ बैठी तस्वीर की हो रही है। दोनों नेताओं की यह तस्वीर ऐसे समय सामने आई है, जब दिल्ली में प्रस्तावित परिसीमन को लेकर सियासी हलचल तेज है और एनसीपी शरद पवार गुट के रुख पर सभी की नजर है।

एक रिसेप्शन में पूरा सियासी कुनबा
रेवती सुले और सारंग लखानी के रिसेप्शन में राजनीतिक दलों की सीमाएं कुछ देर के लिए मानो पीछे छूट गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस की सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा कार्यक्रम में पहुंचे।
इसके अलावा आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मेहमानों में शामिल रहे। नवविवाहित जोड़े ने मेहमानों से मुलाकात की।
कई नेताओं ने रेवती और सारंग के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी कार्यक्रम की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनकी मुलाकात शरद पवार, नवविवाहित जोड़े, प्रफुल्ल पटेल और जितेंद्र आव्हाड से नजर आई।
इस मुलाकात के पीछे का सियासी गणित, मोदी-पवार की तस्वीर पर इतनी चर्चा क्यों?
राजनीतिक गलियारों में पीएम मोदी, शरद पवार और अमित शाह के एक साथ बैठने की फोटो को लेकर कयासबाजी शुरू हो गई है। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब केंद्र के कई फैसलों पर एनसीपी (एसपी) का रुख काफी सुर्खियों में है।
- FCRA कानून पर स्टैंड: एनसीपी (एसपी) फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (FCRA) संशोधन के मौजूदा स्वरूप का लगातार विरोध कर रही है। सुप्रिया सुले ने इस पर अपनी राय साफ कर दी है।
- महाराष्ट्र के मुद्दे: मतभेदों के बावजूद शरद पवार और उनका परिवार महाराष्ट्र और जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री से लगातार संपर्क में रहता है।
इसके बावजूद शरद पवार और उनके परिवार के प्रधानमंत्री मोदी से संपर्क लगातार बने हुए हैं। पार्टी का कहना है कि ऐसी मुलाकातें महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों और जनता से जुड़े कामों को लेकर होती हैं। इन्हें पार्टी की राजनीतिक लाइन बदलने के संकेत के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
परिसीमन बिल पर पवार गुट का क्या है प्लान?
इस पूरी हलचल के पीछे असली वजह परिसीमन (Delimitation) यानी लोकसभा सीटों के नए सीमांकन को लेकर जारी बहस है। मीडिया में ऐसी खबरें हैं कि पवार की पार्टी कुछ शर्तों के साथ सरकार के प्रस्ताव का समर्थन कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह इंडिया (INDIA) गठबंधन के बाकी साथियों से अलग रुख होगा।
- संसद में बिल आने का इंतजार: सुप्रिया सुले का कहना है कि सरकार जब संसद में असल कानून पेश करेगी, तभी पार्टी कोई आखिरी फैसला लेगी।
- 50% सीट बढ़ाने पर विचार: उन्होंने यह संकेत भी दिया है कि अगर हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या बराबरी से 50% बढ़ाने का खाका साफ-साफ पेश किया जाए, तो पार्टी इस पर विचार कर सकती है।
- गठबंधन से चर्चा: पार्टी ने साफ किया है कि बिल पेश होने के बाद ही इंडिया गठबंधन के अन्य सहयोगियों से इस पर राय-मशीविरा किया जाएगा।
पारिवारिक कार्यक्रम में नेताओं का मिलना भले ही शिष्टाचार हो, लेकिन महाराष्ट्र की बदलती राजनीति और संसद के आगामी सत्र को देखते हुए इस तस्वीर के मायने काफी गहरे निकाले जा रहे हैं।
मोदी-पवार की मुलाकात पहले भी बन चुकी है चर्चा का विषय
यह पहली बार नहीं है जब हाल के दिनों में मोदी और शरद पवार की मुलाकात ने राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा हो। 22 जुलाई को पवार और सुप्रिया सुले ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी। इससे पहले शरद पवार छात्रों और परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर भी पहुंचे थे।
उस बैठक में नीट पेपर लीक, किसानों की दिक्कत, पानी से जुड़े मुद्दे और शिक्षा जैसे विषय उठाए गए थे। पवार ने बाद में कहा था कि प्रधानमंत्री ने इन मामलों पर ठोस और सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया। 10 अगस्त को भी एनसीपी शरद पवार गुट के सभी आठ सांसदों ने पीएम मोदी से मुलाकात की और महाराष्ट्र से जुड़े कई मुद्दे उठाए। इससे भी साफ है कि पार्टी और केंद्र के बीच संवाद जारी है।


Click it and Unblock the Notifications
