Supreme Court Warns: जेल में कैदियों के लिए बदलेगा मैनुअल, जातिगत भेदभाव रोकने के लिए राज्यों को लास्ट चांस
Supreme Court Warns: देश के अलग-अलग राज्यों में विचाराधीन और सजा काट रहे कैदियों के मानवाधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में सुप्रीम कोर्ट ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार, 3 नवंबर 2026 को भारत के सर्वोच्च न्यायलय में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनमोहन की पीठ ने देश के उन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लास्ट चांस देते हुए कहा, जिन राज्यों ने अपने जेलों के अंदर जातिगत भेदभाव, कैदियों के बीच काम के बंटवारे और जेल मैनुअल में सुधार से जुड़ी कंपलायंस रिपोर्ट अब तक दाखिल नहीं किया है उनके लिए ये आखिरी मौका है। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि संविधान के दायरे से ऊपर कोई भी राज्य कानून या पुराना औपनिवेशिक जेल मैनुअल नहीं चल सकता।
यह पूरा मामला ऐतिहासिक याचिकाकर्ता सुकन्या शांता बनाम भारत संघ मामले और शीर्ष अदालत द्वारा स्वतः संज्ञान (Suo Motu) पर की गई कार्यवाही से जुड़ा है। कोर्ट ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जेलों के अंदर जाति के आधार पर काम का बंटवारा, कैदियों का वर्गीकरण और रजिस्टर में जाति का कॉलम रखना असंवैधानिक है।

क्या हैं सुप्रीम कोर्ट के मुख्य निर्देश और आपत्तियां?
अक्टूबर 2024 में दिए गए अपने ऐतिहासिक फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने देश के विभिन्न राज्यों के जेल मैनुअल्स की कड़ी आलोचना की थी. कोर्ट ने पाया था कि कई राज्यों के जेल नियमों में आज भी अंग्रेजों के जमाने की वे कुप्रथाएं जीवित हैं, जो जाति के आधार पर कैदियों के बीच श्रम और खान-पान का भेदभाव तय करती थीं।
रजिस्टर से हटेगा जाति का कॉलम: सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि विचाराधीन (Under-trial) और सजायाफ्ता कैदियों के प्रवेश रजिस्टरों तथा वारंट में 'जाति' का कॉलम या उससे जुड़ा कोई भी संदर्भ पूरी तरह से हटाया जाए ताकि जेलों में जातिगत पहचान के आधार पर किसी भी तरह का संस्थागत भेदभाव न हो।
जातिगत आधार पर श्रम विभाजन पर रोक: कोर्ट ने संज्ञान लिया था कि साफ-सफाई, मैला ढोने या शौचालय साफ करने जैसे कार्य विशिष्ट जातियों के कैदियों को और खाना पकाने का काम उच्च जातियों के कैदियों को दिए जाने के नियम संविधान के अनुच्छेद 14 में समानता का अधिकार, 15 में भेदभाव का निषेध, 17 में छुआछूत का अंत और अनुच्छेद 23 में बलपूर्वक श्रम का प्रतिषेध का सीधा उल्लंघन हैं।
सर्वोच्च न्यायलय ने केंद्र सरकार और सभी राज्यों को निर्देश दिए गए थे कि वे मॉडल प्रिजन मैनुअल, 2016 और मॉडल प्रिजन एंड करेक्शनल सर्विसेज एक्ट, 2023 के प्रावधानों के अनुरूप अपने स्थानीय जेल नियमों को संशोधित करें।
ये भी पढें: खबर छापने की आजादी पर लगेगी लगाम? क्या है DPDP कानून? जिसके खिलाफ 21 मीडिया हाउस पहुंचा सुप्रीम कोर्ट
राज्यों की सुस्ती पर अदालत की नाराजगी
विभिन्न रिपोर्टों और सुनवाई के दौरान यह बात सामने आई थी कि कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने इस संवेदनशील मामले में अब तक अपनी अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने में भारी कोताही बरती है। इसी देरी और प्रशासनिक सुस्ती पर गहरी नाराजगी जताते हुए शीर्ष अदालत ने अब राज्यों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि अनुपालन सुनिश्चित करने में और अधिक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कानूनी जानकारों का मानना है कि जेल सुधार केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक ढांचे और सामाजिक न्याय की रीढ़ से जुड़ा विषय ह।. जब तक जेलों के भीतर समानता स्थापित नहीं होगी, तब तक न्याय प्रणाली के सुधारात्मक दृष्टिकोण को पूरा नहीं माना जा सकता। अब देश भर की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अंतिम चेतावनी के बाद कौन-कौन से राज्य समय पर अपनी अनुपालन रिपोर्ट अदालत के समक्ष पेश करते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
