'ये छोटा मुद्दा है, मेरे लेवल की बात नहीं है', दीया मिर्जा के दिवाली वीडियो विवाद CM फडणवीस ने क्यों कहा ऐसा?
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्ट्रेस दीया मिर्जा के दिवाली क्रैकर अवेयरनेस वीडियो को लेकर मचे सियासी घमासान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीएमसी (BMC) द्वारा वीडियो हटाए जाने और बॉम्बे हाईकोर्ट की टिप्पणियों के बीच सीएम फडणवीस ने दो टूक कहा कि यह कोई बहुत बड़ा मुद्दा नहीं है और यह उनके स्तर का विषय भी नहीं है। उन्होंने साफ किया कि हाईकोर्ट ने म्युनिसिपल कॉरपोरेशन को कोई औपचारिक 'फटकार' नहीं लगाई है, बल्कि यह सिर्फ एक राय हो सकती है क्योंकि मामला सीधे तौर पर कोर्ट के सामने था ही नहीं।
पुणे में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सोशल मीडिया हैंडल पर क्या रखना है और क्या हटाना है, यह पूरी तरह से उस निकाय या हैंडल चलाने वाले व्यक्ति का निजी अधिकार है। सीएम फडणवीस ने कहा, "हां, वीडियो हटाया गया है। यह मुंबई महानगरपालिका की मर्जी है। अपने सोशल मीडिया हैंडल को चलाते समय क्या रखना है और क्या हटाना है, यह उस शख्स का अधिकार है जिसके पास हैंडल का मालिकाना हक है। उन्होंने वही किया है।"

दीया मिर्जा के बयान पर टिप्पणी करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा,
"दीया मिर्जा एक अच्छी एक्ट्रेस हो सकती हैं, लेकिन वह भारत की कोई बहुत बड़ी राजनेता नहीं हैं। इसलिए मुझे लगता है कि यह मेरे स्तर का मुद्दा नहीं है। मुझसे मेरे स्तर के मुद्दों पर सवाल पूछिए।"
क्या था पूरा विवाद और क्यों हटा था दीया मिर्जा का वीडियो?
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बीएमसी ने 1 नवंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक इको-फ्रेंडली दिवाली अभियान के तहत वीडियो शेयर किए। इसमें माधुरी दीक्षित, अजिंक्य रहाणे, निशिगंधा वाड के साथ-साथ दीया मिर्जा का भी वीडियो था। दीया मिर्जा ने वीडियो में लोगों से अपील की थी कि प्रदूषण से बचने के लिए पटाखों से दूरी बनाएं और दीवाली को खुशियों के साथ मनाएं।
लेकिन मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि हमें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। इसके बाद बीएमसी ने चुपचाप सिर्फ दीया मिर्जा का वीडियो डिलीट कर दिया, जबकि बाकी हस्तियों के वीडियो प्लेटफॉर्म पर वैसे ही बने रहे।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने BMC से क्या कहा?
इस मामले का स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार (03 नवंबर) को इस पूरे घटनाक्रम पर गहरी नाराजगी और पीड़ा जताई। जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस डॉ. नीला गोखले की बेंच ने कहा कि पर्यावरण जागरूकता फैलाने वाले वीडियो को इस तरह राजनीतिक रंग देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कोर्ट ने कुछ राजनीतिक नेताओं की संकीर्ण मानसिकता पर असंतोष जताया और याद दिलाया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। हाईकोर्ट ने बीएमसी को सुझाव दिया कि वह दीया मिर्जा के हटाए गए वीडियो को तुरंत अपने सोशल मीडिया पर दोबारा अपलोड करे।
कांग्रेस का हमला और BJP विधायक रामकल्याण का पलटवार
हाईकोर्ट के रुख के बाद कांग्रेस पार्टी आक्रामक हो गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने इसे बीजेपी नेताओं के मुंह पर तमाचा बताया और मांग की कि माफी मांगने के साथ-साथ वीडियो हटाने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
दूसरी तरफ बीजेपी विधायक रामकदम ने दीया मिर्जा पर निशाना साधते हुए कहा कि सेलेब्रिटीज को उन विषयों पर बोलने से बचना चाहिए जिनकी उन्हें गहरी जानकारी नहीं है।
रामकदम ने कहा, "दीया मिर्जा एक बेहतरीन कलाकार हैं। अगर वह अपनी कला या अपने धर्म पर बात करें तो समझ आता है, लेकिन सनातन हिंदू धर्म के बारे में वह क्या जानती हैं? दिवाली सिर्फ 10 लोगों के पार्टी करने का नाम नहीं है। हिंदू धर्म दुनिया का सबसे सहनशील धर्म है जो किसी को भी कष्ट न देने की सीख देता है। ऐसे में दूसरों के धर्मों में बिना बात के दखल देने की क्या जरूरत है?"


Click it and Unblock the Notifications
