राहुल गांधी की नागरिकता का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, सुनवाई अगले सप्ताह
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नागरिकता मुद्दे से संबंधित एक याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई करेगा। यह यचिका दो कार्यकर्ताओं द्वारा दाखिल की गई है जिसमें गृह मंत्रालय को मामले पर निर्णय लेने का निर्देश दिए जाने की मांग की गई है। दायर याचिका में कहा गया है कि गृह मंत्रालय इस बारे में मिली शिकायत पर जल्द कार्रवाई करे और राहुल को चुनाव लड़ने के अयोग्य करार दिया जाए। इसके अलावा राहुल गांधी का नाम मतदाता सूची से नाम भी हटाया जाए।

याचिका में कहा गया है कि राहुल गांधी ब्रिटिश नागरिक हैं लेकिन फिर भी चुनाव आयोग ने उनका नामांकन मंजूर कर लिया है। आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की नागरिकता का सवाल पहले भी उठ चुका है और उन्होंने इस मुद्दे पर उस समय जोरदार तरीके से बचाव किया था, जब इसे संसद की आचार समिति के समक्ष उठाया गया था। वर्ष 2016 में इस मामले को संसद की आचार समिति में उठाया गया था, जिसके अध्यक्ष भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी हैं।
राहुल गांधी उस समय कांग्रेस अध्यक्ष नहीं थे, और उन्होंने कथित तौर पर समिति के समक्ष कहा था कि वह चकित हैं कि उनकी ब्रिटिश नागरिकताकी शिकायत का संज्ञान लिया गया है, जबकि यह व्यवस्थित भी नहीं। उन्होंने यह भी कहा था कि इस तरह का कोई आवेदन ब्रिटिश गृह विभाग में उपलब्ध होगा।












Click it and Unblock the Notifications