ममता बनर्जी की विवादित तस्वीर शेयर करने वाली भाजपा नेता प्रियंका शर्मा को तुरंत रिहा करने का आदेश
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की तस्वीर से छेड़छाड़ करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए बीजेपी की महिला नेता प्रियंका शर्मा को तुरंत रिहा करने का निर्देश दिया है। इसके पहले, सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने कहा था कि चूंकि आप एक पार्टी से संबंद्ध हैं, ऐसे में इसे आम मामले की तरह नहीं देखा जा सकता है। कोर्ट ने बीजेपी नेता को माफी मांगने की शर्त पर जमानत देने को कहा था।

बंगाल पुलिस को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस
मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने लिखित माफी की शर्त के साथ जमानत देने को कहा था, जिसपर प्रियंका शर्मा के वकील ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की दलीलें दी थीं। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बंगाल पुलिस को भी नोटिस भेजा है, जिस तरीके से बीजेपी नेता प्रियंका शर्मा को हिरासत में लिया था। कोर्ट ने बंगाल पुलिस से इसपर जवाब मांगा है।
इस मामले में प्रियंका शर्मा की मां राजकुमारी शर्मा ने कहा, 'मैं बता नहीं सकती कि मैं कितना खुश हूं। मुझे अपनी बेटी के लौटने का इंतजार है।' उन्होंने अपनी बेटी को जमानत मिलने पर खुशी जाहिर की। दरअसल, भाजपा की युवा मोर्चा की नेता प्रियंका शर्मा ने फेसबुक पर ममता बनर्जी की एडिटेड तस्वीर साझा की थी, जिसके बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस तस्वीर में प्रियंका चोपड़ा के मेट गाला लुक में ममता बनर्जी की तस्वीर को फोटोशॉप करके लगाया गया था।
प्रियंका शर्मा के खिलाफ दासनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था और दो हफ्ते की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रियंका शर्मा ने जमानत के लिए याचिका दायर की थी। प्रियंका की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने ममता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यही नहीं सोशल मीडिया पर भी बंगाल पुलिस की लोग जमकर आलोचना कर रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट की वेकेशन बेंच ने इस मामले की सुनवाई की। भाजपा एक्टिविस्ट की ओर से वकील एनके कौल ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, उन्होंने अपील की थी कि इस मामले में तुरंत सुनवाई की जाए। इस मामले की सुनवाई मंगलवार को तय की गई थी। एनके कौल ने बताया था कि महिला एक्टिविस्ट न्यायिक हिरासत में हैं और उसे पश्चिम बंगाल की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव 2019 की खबर












Click it and Unblock the Notifications