राम सेतु को लेकर सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका पर सुनवाई को राजी हुआ सुप्रीम कोर्ट
नई दिल्ली, 23 फरवरी: सुप्रीम कोर्ट भारतीय जनता पार्टी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी की राम सेतु को ऐतिहासिक राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई के लिए राजी हो गया है। बुधवार को भाजपा नेता की याचिका को स्वीकार करते हुए अदालत ने इस पर सुनवाई के लिए 9 मार्च की तारीख दी है। कोर्ट ने केंद्र सरकार को भी नोटिस जारी करते हुए इस मामले पर राय मांगी है।

सुब्रमण्यम स्वामी ने चीफ जस्टिस एनवी रमन्ना के सामने अपनी याचिका को लेकर कहा कई महीने से इस पर सुनवाई नहीं हुई है। ऐसे में अदालत इस पर सुनवाई करे। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मार्च को इस मामले पर सुनवाई की जाएगी। स्वामी ने अपनी याचिका में कहा है कि राम सेतु लाखों हिन्दुओं की आस्था से जुड़ा है, ऐसे में रामसेतु को राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया जाए।
चार साल पहले दी थी याचिका
सुब्रमण्यम स्वामी ने 2018 में रामसेतु को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग करने वाली याचिका दाखिल की थी। इस पर लंबे समय तक सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद 2020 में स्वामी ने अपनी इस याचिका पर जल्दी सुनवाई की मांग की थी। हालांकि तब कोर्ट ने इस पर बाद में विचार करने की बात कह दी थी। कोर्ट ने तब केंद्र से भी उसका रुख जानना चाहा था। स्वामी ने कोर्ट में केंद्र सरकार की ओर से जवाब दाखिल नहीं किए जाने को लेकर भी नाराजगी जताई।
बता दें कि तमिलनाडु राज्य के दक्षिणपूर्वी तट पर रामेश्वरम द्वीप और श्रीलंका के उत्तर-पश्चिमी तट के बीच चूना पत्थर की एक श्रृंखला है। इसी को राम सेतु या एडम्स ब्रिज कहा जाता है। इसको लेकर कई तरह के विश्वास और कहानियां हैं। रामसेतु को लेकर भगवान श्रीरामचंद्र के जमाने से जुड़ी भी कुछ कहानियां हैं, जिसके चलते इसमें हिन्दू धर्म के लोग आस्था रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications