सुंजवान आर्मी कैंप हमला: होश में आते ही मेजर ने पूछा आतंकियों का क्या हुआ
जम्मू के सुंजवान आर्मी बेस पर हुए आतंकी हमले में घायल हुए मेजर अविजीत को होश आ गया है और वह अब खतरे से बाहर हैं। मेजर अविजीत का इलाज उधमपुर के आर्मी हॉस्पिटल में चल रहा है। इस आतंकी हमले में छह जवान शहीद हो गए। हमले को अंजाम देने वाले सभी आतंकियों को भी सेना के जवानों ने ढेर कर दिया। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण का कहना है कि इस हमले का माकूल जवाब दिया जाएगा।

फील्ड में जाने को बेकरार मेजर
बताया जा रहा है कि आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे। लेकिन सेना के जवानों ने आतंकियों के इरादों को पूरा नहीं होने दिया। आतंकी हमले में घायल हुए मेजर अभिजीत को जैसे ही होश आया, उनका पहला सवाल सुनकर सभी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। मेजर जनरल नादीप नैथानी ने बताया, 'मेजर अभिजीत का मनोबल बेहद ऊंचा है। सर्जरी के तुरंत बाद उन्होंने सबसे पहला सवाल यही पूछा कि हमला करने वाले आतंकवादियों का क्या हुआ? वह फील्ड में जाने के लिए बेहद उत्सुक है। अब उनकी हालत काफी ठीक है।'
हमले में 6 जवान शहीद
शनिवार को सुंजवान में हुए आर्मी कैंप में हुए हमले में अब शहीद जवानों की संख्या छह हो गई है। एक और जवान का शव सेना को सोमवार को मिला है। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा ने ली है। हमले में एक नागरिक की भी मौत हो गई है। शनिवार को आतंकियों ने सुंजवान में आर्मी कैंप में स्थित जिस जगह पर हमला किया वहां पर करीब 3,000 जवानों के परिवार रहते हैं। हमले में शहीद चार जवान कश्मीर के ही रहने वाले हैं। सुंजवान में सोमवार को जिस समय सेना सर्च ऑपरेशन कर रही थी, उसी समय एक और जवान का शव बरामद हुआ। सेना की ओर से आधिकारिक बयान में यह कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications