MP News: फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी को राज्य सरकार करेगी प्रोत्साहित: CM डॉ. मोहन यादव
सागर के दृष्टिबाधित बुंदेली गायक सुनील लोधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें 1,00,000 रुपये की सम्मान राशि और औपचारिक संगीत शिक्षा सहायता सहित सरकारी समर्थन का वादा किया गया। सीएम ने प्रतिभाशाली कलाकारों के लिए निरंतर समर्थन का भी वादा किया और लोधी और उनके परिवार को मान्यता दी। राज्य भर में इसी तरह की प्रतिभाओं की पहचान और पोषण के लिए प्रतिभा-खोज पहल की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से गुरुवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में सागर निवासी युवा बुंदेली गायक सुनील लोधी ने मुलाकात की। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली भाषा में गीत गाया है, जो तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुनील लोधी को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी और उनके माता-पिता का सम्मान भी किया। उन्होंने घोषणा की कि दृष्टिबाधित युवा गायक को एक लाख रुपये की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुनील लोधी की आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि लोधी की बचपन से ही गायन में रुचि रही है, इसलिए उन्हें संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत शिक्षा प्राप्त करने में भी सरकार सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के ऐसे होनहार और प्रतिभाशाली गायकों को तलाशकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री को सुनाया फिल्म का लोकप्रिय गीत
मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय बुंदेली गीत "मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई" मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सुनाया। मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर गाया जाने वाला भजन "जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई" भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर सुनील लोधी के पिता महेंद्र सिंह लोधी, माता भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, डिजिटल बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी और सुनील लोधी के मित्र उपस्थित रहे।


Click it and Unblock the Notifications
