Video: सुधा मूर्ति ने राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ, अरबों की संपत्ति की मालकिन, ब्रिटेन के पीएम हैं दामाद
Sudha Murty Oath: इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति की पत्नी लेखिका, समाजसेवी सुधा मूर्ति ने गुरुवार (14 मार्च) राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले ली है। राज्यसभा अध्यक्ष जगदीप धनखड़ की उपस्थिति में सुधा मूर्ति ने शपथ ली। इस दौरान उनके पति नारायण मूर्ति और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहे।
सुधा मूर्ति को 8 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकित किया गया था, जिसकी जानकारी पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थी। पीएम मोदी ने उनके सामाजिक कार्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके प्रेरक योगदान की प्रशंसा की।

अपने नामांकन के बाद न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ बात करते हुए सुधा मूर्ति ने कहा, "मैं खुश हूं, साथ ही मुझे लगता है कि मुझे अधिक जिम्मेदारी दी गई है। मैं अपने स्तर पर सर्वश्रेष्ठ काम करूंगी। व्यक्तिगत स्तर पर, मुझे खुशी है कि मुझे गरीबों के लिए काम करने के लिए एक बड़ा मंच मिल रहा है।''
Recommended Video
इसी के साथ जब सुधा मूर्ति से पूछा गया कि क्या इसे राजनीतिक क्षेत्र में एक कदम माना जा सकता है, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह खुद को राजनेता नहीं मानतीं।
जानिए कौन हैं सुधा मूर्ति?
भारतीय लेखिका, समाजसेवी और इंफोसिस फाउंडेशन की पूर्व अध्यक्ष सुधा मूर्ति का विवाह इंफोसिस के सह-संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति से हुआ है। एक उपन्यासकार और मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में पहचानी जाने वाली सुधा मूर्ति को उनके सामाजिक कार्यों के लिए 2006 में पद्म श्री और 2023 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।
अंग्रेजी और कन्नड़ साहित्य में एक महत्वपूर्ण योगदानकर्ता, सुधा मूर्ति 31 दिसंबर, 2021 को इंफोसिस फाउंडेशन के अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हो गईं। अपने जीवनसाथी की तरह सुधा मूर्ति के पास इंजीनियरिंग की डिग्री है और उन्होंने प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान से मास्टर की पढ़ाई की, जबकि उनके पिता एक सर्जन थे।
टाटा इंजीनियरिंग एंड लोकोमोटिव कंपनी (टेल्को) में पहली महिला इंजीनियर के रूप में अग्रणी, सुधा मूर्ति अपनी सामाजिक सक्रियता, साहित्यिक योगदान और इंफोसिस फाउंडेशन की स्थापना के लिए प्रसिद्ध हैं। सुधा मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति की शादी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से हुई है।
जानिए कितनी संपत्ति की मालिक हैं सुधा मूर्ति
इन्फोसिस की को-फाउंडर, सुधा मूर्ति के नाम से करीब 150 से ज्यादा किताबें पब्लिश हो चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी 775 करोड़ रुपये की नेट वर्थ है। हालांकि इतनी अमीर होने के बाद भी सुधा मूर्ति साधारण जीवन जीती हैं और लो-प्रोफाइल रहना पसंद करती हैं।












Click it and Unblock the Notifications