सुदर्शन न्यूज के वीडियो की IPS एसोसिएशन ने की निंदा, कार्यक्रम को बताया नफरत फैलाने वाला
नई दिल्ली। सुदर्शन न्यूज और उसके एडिटर इन चीफ सुरेश चव्हाणके एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। सुदर्शन टीवी पर एक कार्यक्रम में सुरेश चव्हाणके ने सिविल सेवा में धर्म विशेष के उम्मीदवारों के चयन पर सवाल उठाए हैं। सुरेश चव्हाण ने गुरुवार को ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए सिविल सेवाओं में मुस्लिमों की घुसपैठ की बात करते हुए इसे 'नौकरशाही जिहाद' करार दिया। जिस पर अब आईपीएस एसोसिएशन ने विरोध दर्ज करवाया है।

आईपीएस एसोसिएशन ने सुरेश चव्हाणके उस वीडियो को सांप्रदायिक नफरत फैलाने वाला बताते हुए ट्वीट किया कि, 'धर्म के आधार पर सिविल सेवाओं में उम्मीदवारों को निशाना बनाने वाली एक समाचार को सुदर्शन टीवी द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है। हम पत्रकारिता के सांप्रदायिक और ग़ैर ज़िम्मेदाराना पत्रकारिता की निंदा करते हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को प्रसारित होने वाले रिपोर्ट के इस अंश के लिए चव्हाणके के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उधर तहसीन पूनावाला ने सुरेश चव्हाणके के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज करवायी है। उन्होंने ट्वीट किया है कि सुदर्शन न्यूज टीवी पर 'नौकरी में मुसलमानों की घुसपैठ' नाम से प्रसारित होने वाला कार्यक्रम स्पष्ट रूप से सांप्रदायिक है और हमारे मुसलिम नागरिकों के खिलाफ नफरत और हिंसा को उकसाएगा। वहीं आरटीआई कार्यकर्ता साकेत गोखले ने वीडियो के लिए चव्हाणके के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराने के लिए एक अभियान शुरू किया है। उन्होंने यूपीएससी को पत्र लिखकर नफरत फैलाने वाले इस वीडियो और कार्यक्रम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बता दें कि, सुरेश चव्हाणके ने एक ट्वीट कर लिखा है कि, लोकतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ कार्यपालिका के सबसे बड़े पदों पर मुस्लिम घुसपैठ का पर्दाफ़ाश। #UPSC_Jihad #नौकरशाही_जिहाद देश को झकझोर देने वाली इस सीरीज का लगातार प्रसारण प्रतिदिन। शुक्रवार 28 अगस्त रात 8 बजे से सिर्फ सुदर्शन न्यूज़ पर। इस वीडियो में वे कुछ सवाल उठाते हुए नजर रहे हैं। वो पूछते हैं कि अचानक मुसलमान आईएएस, आईपीएस में कैसे बढ़ गए? 'सोचिये, जामिया के जिहादी अगर आपके जिलाधिकारी और हर मंत्रालय में सचिव होंगे तो क्या होगा?हालांकि सुरेश चव्हाणके ने इस मामले में सफाई दी है। और कहा है कि, उनकी बात को मीडिया में तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications