Sudarshan News Exit poll: पांच में से चार राज्यों में BJP की सरकार बनने का अनुमान, पंजाब में AAP
नई दिल्ली, मार्च 07। यूपी में सातवें चरण के मतदान के साथ ही पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न हो गए हैं और अब सभी की नजरें 10 मार्च को आने वाले नतीजों पर हैं, लेकिन उससे पहले न्यूज चैनलों के एग्जिट पोल ने ये जानने की कोशिश की है कि आखिर किस राज्य में किस पार्टी की सरकार बन सकती है। ऐसे में सुदर्शन न्यूज चैनल के एग्जिट पोल के अनुसार, पांच में से चार राज्यों में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। इसमें यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर का नाम शामिल है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में बीजेपी को मिल सकती हैं 250 से अधिक सीटें
सुदर्शन न्यूज के सर्वे के अनुसार, पांच राज्यों में सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सत्ता में वापसी होती दिख रही है। यूपी में बीजेपी गठबंधन को 246-265 सीटें मिलने का अनुमान है। हालांकि चुनाव से पहले बीजेपी का दावा था कि यूपी में 300 से अधिक सीटें जीती जाएंगी। समाजवादी पार्टी को 105-116 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बीएसपी को 11-13 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को 2-3 सीटें मिल सकती हैं और अन्य के खाते में 4-6 सीटें जाने का अनुमान है।
उत्तराखंड का एग्जिट पोल
सुदर्शन न्यूज के सर्वे के मुताबिक, उत्तराखंड में बीजेपी सत्ता में वापसी कर सकती है। सीटों के हिसाब से देखें तो बीजेपी को उत्तराखंड में 36-38 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस के खाते में 25-28 सीटें जाती दिख रही हैं। बीएसपी को 2, यूकेडी को 1 और अन्य को 1 सीट मिलने का अनुमान है। आपको बता दें कि उत्तराखंड में चुनाव से पहले बीजेपी ने मुख्यमंत्री बदल दिया था, जिसका फायदा पार्टी को होता दिख रहा है।
गोवा में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत का अनुमान
उत्तराखंड के बाद बात करें गोवा की तो, वहां पर अभी बीजेपी की सरकार है और सर्वे भी यही बता रहे हैं कि गोवा में बीजेपी सत्ता में वापसी कर सकती है। गोवा की 40 विधानसभा सीटों में से भाजपा को 20-23 सीटें मिल सकती है। वहीं कांग्रेस को 5-7 सीटें मिलने का अनुमान है। एमजीपी के खाते में 2-4 सीटें जा सकती हैं।
पंजाब में होगा सत्ता परिवर्तन?
उत्तर प्रदेश के बाद पंजाब चुनाव के दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण राज्य है। सुदर्शन न्यूज का सर्वे बताता है कि पंजाब में सत्ता परिवर्तन हो सकता है और वहां कांग्रेस को मात देकर आम आदमी पार्टी अपनी सरकार बना सकती है। सर्वे के अनुसार, पंजाब में आम आदमी पार्टी को 45-52 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बीजेपी गठबंधन के खाते में 5-10 सीटें जा सकती हैं। वहीं अभी पंजाब की सत्ता पर काबिज कांग्रेस के खाते में 29-34 सीटें जा सकती हैं। शिरोमणी अकाली दल को 15-20 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य के खाते में भी 15-20 सीटें जा सकती हैं।
मणिपुर में बनेगी बीजेपी की सरकार?
सर्वे के अनुसार, मणिपुर की कुल 60 विधानसभा सीटों में से बीजेपी के खाते में 25-31 सीटें जाने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस को 8-10 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एनपीपी को 7-9 और एनपीएफ को 1-3 सीट मिलने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications