'निर्भय' मिसाइल का परीक्षण फेल, रास्ते में ही करनी पड़ी तबाह
मिसाइल का परीक्षण बुधवार सुबह 11 बजकर 57 मिनट पर लॉन्च पैड नंबर-3 के जरिए किया गया। हालांकि, यह परीक्षण असफल रहा है।
बालासोर। भारत ने सबसोनिक क्रूज मिसाइल 'निर्भय' का ओडिशा में परीक्षण किया है। इस मिसाइल का परीक्षण बालासोर के चांदीपुर रेंज से किया गया। मिसाइल का परीक्षण बुधवार सुबह 11 बजकर 57 मिनट पर लॉन्च पैड नंबर-3 के जरिए किया गया। हालांकि, यह परीक्षण असफल रहा है।

इस मिसाइल की मारक क्षमता 700 से 1000 किलोमीटर तक की है। आपको बता दें कि इस मिसाइल का एकीकृत परीक्षण रेंज से कई बार परीक्षण किया जा चुका है। निर्भय मिसाइल का पहला परीक्षण 12 मार्च 2013 को किया गया था।
यह इस मिसाइल का चौथा परीक्षण था। अभी तक इस मिसाइल का कोई भी परीक्षण पूरी तरह से कामयाब नहीं रहा है। मिसाइल को लॉन्च के महज दो मिनट बाद ही बीच में धमाके से उड़ाना पड़ा, क्योंकि मिसाइल ने अपना रास्ता बदल दिया था।
क्या है इसकी खासियत
यह मिसाइल अपने साथ परमाणु हथियार ले जाने में भी सक्षम है। खास बात यह है कि परमाणु क्षमता वाली निर्भय मिसाइल पाकिस्तान की क्रूज मिसाइल बाबुर और अमेरिका की टॉमह्वॉक को टक्कर देने वाली मिसाइल है।
इस मिसाइल के जरिए दुश्मन के इलाके के भीतर तक जाकर हमला किया जा सकता है, साथ ही इसे राडार से पकड़ पाना काफी मुश्किल है। यह मिसाइल मोबाइल सैटेलाइट से भी लांच की जा सकती है।
विमान बन जाती है मिसाइल
इस मिसाइल को आम मिसाइल की तरह ही लॉन्च किया जाता है। एक उंचाई तक पहुंचने के बाद यह विमान की शक्ल धारण कर लेती है। निर्भय दुश्मन के इलाके में सटीक मार करने में सक्षम होने की वजह से दुश्मन के लिए और भी खतरनाक साबित होगी।
खास बात यह है कि इस मिसाइल की जद में पाकिस्तान के सभी शहर आ सकते हैं। इसमें फायर एंड फोरगेट सिस्टम लगा है जिसके चलते इस मिसाइल को निष्क्रिय नहीं किया जा सकता है।
डीआरडीओ प्रमुख अविनाश चंद्र की माने तो यह मिसाइल हवा, जमीन और समुद्र पोत से भी दागी जा सकती है। हालांकि, इसके हवाई संस्करण की योजना पर काम चल रहा है जिससे कि इसे एसयू-30 एमकेआई जैसे लड़ाकू विमानों से भी दागा जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications