सुब्रमण्यम स्वामी ने क्यों कहा, पीएम मोदी के कंधे पर बंदूक रखकर चलाना चाहते हैं उनके सलाहकार
बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी का कहना है कि आलोक वर्मा का कार्यकाल बढ़ाकर जुलाई तक कर देना चाहिए।
नई दिल्ली। आलोक वर्मा को छुट्टी पर भेजने के मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसले आने के बाद एक तरफ राहुल गांधी लगातार पीएम मोदी पर निशाना साध रहे हैं तो दूसरी तरफ बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी का कहना है कि आलोक वर्मा का कार्यकाल बढ़ाकर जुलाई तक कर देना चाहिए। स्वामी पहले भी कह चुके हैं कि जिस तरीके से आलोक वर्मा जैसे ईमानदार अधिकारी की बेइज्जती की गई, वो दुर्भाग्यपूर्ण है।

सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि पीएम मोदी को आलोक वर्मा का कार्यकाल जुलाई तक बढ़ा देना चाहिए। सुब्रमण्यम स्वामी ने एक ट्वीट के जवाब में लिखा कि चुनाव के बाद गठित नई सरकार पर सीबीआई के अगले चीफ की नियुक्ति छोड़ देनी चाहिए। स्वामी ने कहा कि पीएम मोदी के सलाहकार उनके कंधे पर बंदूक रखकर चलाना चाहते हैं। बता दें कि आलोक वर्मा का कार्यकाल 31 जनवरी 2019 तक है।

इसके पहले भी, आलोक वर्मा को बहाल करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बीजेपी सांसस सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा था कि वर्मा को छुट्टी पर भेजने की सलाह देने वालों के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कार्रवाई करनी चाहिए। आलोक वर्मा की सीबीआई चीफ पद पर वापसी के साथ ही राजनीतिक दलों ने मोदी सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी पीएम मोदी पर लगातार निशाना साध रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications