CAA प्रोटेस्ट: जामिया-AMU छात्रों के समर्थन में आए अमेरिका के 21 विश्वविद्यालय, शाह से मांगा इस्तीफा
नई दिल्ली। अमेरिका के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के 400 से अधिक भारतीय छात्रों और पूर्व छात्रों ने गृह मंत्री अमित शाह से नागरिकता (संशोधन) अधिनियम का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की बर्बरता की जाँच करने, या पद छोड़ने के लिए कहा है। छात्रों ने जामिया मिलिया इस्लामिया और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई की निंदा की है।

अमेरिका में पढ़ने वाले छात्रों ने पुलिस कार्रवाई को मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन बताया है। छात्रों ने मंगलवार को अपने व विश्वविद्यालय के नाम के साथ हस्ताक्षर किए हुए एक विस्तृत विवरण में भारतीय विश्वविद्यालयों के छात्रों के साथ पूर्ण एकजुटता व्यक्त की है।
जामिया मिलिया इस्लामिया और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अलावा देशभर के विभिन्न संस्थानों के छात्र हाल ही में पारित किए गए नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों ने इस कानून को असंवैधानिक और भेदभावपूर्ण बताया है। हार्वर्ड लॉ स्कूल के झलक कक्कड़ की ओर से जारी बयान में कहा गया है, जामिया और एएमयू में पुलिस व अर्धसैनिक बलों ने हिंसा का इस्तेमाल किया है। भारत और अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार कानून के तहत प्रदर्शनकारियों के खिलाफ गैरकानूनी और लापरवाह रणनीति अपनाई गई है।
जिन संस्थानों के छात्रों और पूर्व छात्रों के समूह ने बयान पर हस्ताक्षर किए हैं, उनमें हार्वर्ड विश्वविद्यालय, कोलंबिया विश्वविद्यालय, येल विश्वविद्यालय, न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय, स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय, मिशिगन विश्वविद्यालय, शिकागो विश्वविद्यालय, ब्राउन विश्वविद्यालय, जॉर्ज टाउन विश्वविद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा अन्य विश्वविद्यालयों में पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय, टफ्ट्स विश्वविद्यालय, जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय, कॉर्नेल विश्वविद्यालय, मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले विश्वविद्यालय, कार्नेगी मेलन विश्वविद्यालय, दक्षिणी कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय और इलिनोइस विश्वविद्यालय शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications