SSC परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल, ब्लूटूथ-ट्रासंमीटर से लैस मुन्नाभाई गिरफ्तार
एसएससी की परीक्षा को भी नकल माफियाओं ने नहीं बख्शा। मध्य प्रदेश के कई शहरों में आयोजित कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा में नकल माफिया छात्रों को हाईटेक तरीके से नकल करा रहे थे। ब्लूटूथ, काॅपर वायरिंग और ट्रांसमीटर के जरिए कई मुन्नाभाई नकल करते रंगे हाथों पकड़े गए। अंडरगारमेंट्स के अंदर काॅपर वायरिंग का जाल बिछाकर ट्रांसमीटर के जरिए ब्लूटूथ से प्रश्न हल कराए जा रहे थे। छात्रों के पास से नकल सामग्री बरामद कर उनकी काॅपी सील कर भेज दी गई हैं। केंद्र पर्यवेक्षकों की सतर्कता से इन नकलचियों को पकड़ लिया गया।

एसएससी की परीक्षा गुना, रीवा और छतरपुर केंद्रों पर भी आयोजित हुई थी। पुलिस के अनुसार हरियाणा में बैठा एक व्यक्ति छात्रों से सीधे संपर्क में था। जो प्रश्नों के उत्तर लिखवा रहा था। तीनों शहरों में केंद्र पर्यवेक्षकों की सतर्कता से इन नकलचियों को पकड़ लिया गया। साथ ही इस रैकेट के खुलासे के बाद अब एसएससी के पेपर आउट की आशंका सामने आई है। नकल कर रहे सभी परीक्षार्थी हरियाणा के विभिन्न शहरों के हैं, जिनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुना में परीक्षा की दूसरी शिफ्ट में पर्यवेक्षक ने परीक्षार्थी को ब्लूटूथ के जरिए नकल करते पकड़ा। वहीं रीवा में जीडीसी कॉलेज के परीक्षा केंद्र से नौ परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा गया। छतरपुर के दो परीक्षा केन्द्रों महाराजा महाविद्यालय में 13 और प्रणवानंद लॉ कॉलेज में पांच परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए।












Click it and Unblock the Notifications