कंगना रनौत के साथ काम कर चुकी एक्ट्रेस की हत्या, बेडरूम में मिला शव, ऑन था AC
शुरुआत में पुलिस ने किसी हादसे में हुई मौत का मामला दर्ज किया था। बाद में जब पुलिस को शक हुआ तो अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में एक अभिनेत्री और मॉडल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके फ्लैट से मिला है। 23 वर्षीय यह अभिनेत्री मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित भैरवनाथ एसआरए अपार्टमेंट में रहती थी। पुलिस का मानना है कि अभिनेत्री की किसी अज्ञात व्यक्ति ने करीब 3-4 दिन पहले हत्या की है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।

कंगना के साथ फिल्म रज्जो में किया था काम
अभिनेत्री का नाम कृतिका चौधरी है। कृतिका उत्तराखंड के हरिद्वार की रहने वाली थीं और एक बॉलीवुड में एक स्ट्रगलिंग अभिनेत्री थी। उन्होंने कंगना रनौत के साथ फिल्म रज्जो में काम किया था। इसके अलावा कृतिका ने बालाजी प्रोडक्शन के कुछ टीवी सीरियल्स में भी काम किया था। फिलहाल कृतिका बॉलीवुड में स्ट्रगल कर रही थीं।

बेडरूम में ऑन था AC
पुलिस ने बताया कि अभिनेत्री कृतिका के कमरे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। कई दिनों तक कमरे पर ताला लटका रहने से पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो बेडरूम में अभिनेत्री का क्षत-विक्षत शव मिला। कमरे का एसी चल रहा था इसलिए शव सड़ने की बदबू बाहर नहीं आई।

3-4 दिन पहले हत्या की आशंका
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। कमरे का एसी चलता हुआ मिला, जिसकी वजह शव की बदबू बाहर नहीं आई। शुरुआती जांच के बाद हम कह सकते हैं कि अभिनेत्री की हत्या 3-4 दिन पहले की गई है। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शव के दाएं हिस्से में चोट के निशान
शुरुआत में पुलिस ने किसी हादसे में हुई मौत का मामला दर्ज किया था। बाद में जब पुलिस को शक हुआ तो अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों की मानें तो कृतिका के शव के दाएं हिस्से में चोट के भी निशान हैं। पुलिस का कहना है कि वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कह सकती है।












Click it and Unblock the Notifications