गुजरात में विदेशी छात्रों पर हमले को लेकर सख्ती, विदेश मंत्रालय ने लिया संज्ञान, 2 गिरफ्तार
गुजरात यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में शनिवार की रात विदेशी छात्रों से हुई मारपीट मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों युवक अहमदाबाद के रहने वाले हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बयान जारी करते हुए कहा है कि राज्य सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
विदेशी छात्रों से मारपीट मामले में गुजरात पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। वहीं दूसरी ओर विदेशी छात्रों से मारपीट मामले पर विदेश मंत्रालय ने भी संज्ञान में लिया है। रविवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बयान जारी करते हुए कहा है कि कल अहमदाबाद स्थित गुजरात यूनिवर्सिटी में हिंसा की घटना हुई है। राज्य सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में गया कि शनिवार को हुई झड़प में दो विदेशी छात्र घायल हुए थे, जिनमें से एक छात्र को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। घटना को लेकर विदेश मंत्रालय गुजरात सरकार के साथ संपर्क कर रहा है।
वहीं अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जी एस मलिक के मुताबित, पूरा विवाद कैंपस में नमाज पढ़ने को लेकर शुरू हुआ था। कुछ लोगों ने विदेशी छात्रों के नमाज पढ़ने का विरोध किया था जिसके बाद दो गुटों में संघर्ष की स्थिति बन गई। दो घायल छात्रों में से एक तजाकिस्तान और दूसरा श्रीलंका का है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने अहमदाबाद के सोला के रहने वाले हितेश मेवाड़ा और वस्त्राल के भरत पटेल को गिरफ्तार किया है। आगे की कार्रवाई के लिए दोनों युवकों को क्राइम ब्रांच ने गुजरात यूनिवर्सिटी पुलिस को सौंप दिया है।
वहीं मामले में एक्शन को लेकर जोन 7 के डीसीपी तरूण दुग्गल ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीसीपी दुग्गल ने कहा, "गुजरात यूनिवर्सिटी में कल रात 10.30 बजे हुई घटना में 20-25 लोगों के एक समूह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए नौ टीमें बनाई गई हैं।उनमें से दो आरोपियों हितेश मेवाड़ा और भरत पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।"












Click it and Unblock the Notifications