मिजोरम में पत्थर की खदान ढही, 15 मजदूरों के फंसे होने की आशंका
Mizoram Mine Collapses: मिजोरम में सोमवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां पत्थर की खदान ढहने से कई मजदूर फंस गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया। सूत्रों के मुताबिक बड़ी संख्या में मजदूर घटनास्थल के पास काम कर रहे थे, ऐसे में करीब 15 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। फिलहाल अंधेरा होने की वजह से बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

जानकारी के मुताबिक हनहथियाल में एक पत्थर की खदान है। वहां पर मजदूर रोजाना की तरह काम कर रहे थे। तभी दोपहर करीब 3 बजे वहां पत्थर की खदान ढह गई, जिसमें कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है। घटनास्थल आइजोल से करीब 160 किलोमीटर दूर दक्षिणी मिजोरम में है। फिलहाल वहां पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जिसमें SDRF, BSF, असम राइफल के जवानों को भी लगाया गया है।
जुलाई में भी हुआ था ऐसा हादसा
आपको बता दें कि जुलाई में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में भी ऐसा हादसा हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। उस वक्त बिल्ली मारकुंडी में लंगड़ा मोड़ के पास खुदाई चल रही थी, जहां खदान का ऊपरी हिस्सा ढह गया। जिसमें पोकलेन मशीन के चालक और सहयोगी दब गए। आनन-फानन में रेस्क्यू टीम ने उनको निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications