Vande Bharat Express पर फिर हुआ पथराव, टूटी ड्राइवर की स्क्रीन
नई दिल्ली। देश में निर्मित हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस लगातार किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में है। ट्रेन चलने के बाद से लगातार उस पर पथराव की खबरें आ रही हैं। शनिवार को भी ऐसा ही हादसा सामने आया है। एक रेलवे अधिकारी ने बताया कि शनिवार को वाराणसी से दिल्ली के रास्ते में ट्रेन पर कुछ अराजक तत्वों ने पत्थरबाजी की थी, जिसमें यह नुकसान हुआ है। पथराव से उसके ड्राइवर की मुख्य खिड़की सहित कुछ अन्य खिड़कियों को नुकसान पहुंचा।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अछल्दा स्टेशन में साथ वाली लाइन से गुजर रही डिब्रूगढ़ राजधानी से एक मवेशी कुचल गया और इससे नाराज लोगों ने उसपर पथराव किया जिससे वंदे भारत एक्सप्रेस भी इसकी चपेट में आ गया। सीपीआरओ ने कहा, पत्थर के टुकड़े ड्राइवर की विंडस्क्रीन और कोच संख्या सी4, सी6, सी7, सी8 और सी13 के बाहरी सीसे और सी12 के दो सीसे के पैनलों पर लगे। इससे क्षति हुई है।
रेलवे की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस घटना के बाद ट्रेन में मौजूद टेक्निकल स्टाफ ने नुकसान का आकलन किया और संचालन के लिए ट्रेन को सही पाया। पीआरओ ने कहा, 'इसी के चलते ट्रेन को सामान्य गति से अगले स्टेशनों के लिए रवाना किया गया। ट्रेन अपने निर्धारित समय 11 बजे रात्रि से महज 5 मिनट की देरी से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची थी। दिल्ली पहुंचने के बाद सभी कोचों और ड्राइवर सीट की दोबारा जांच की गई ताकि अगली यात्रा के दौरान सवारियों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।












Click it and Unblock the Notifications