व्हाट्सएप दे रहा है 35 लाख रुपए जीतने का मौका, ये है तरीका
व्हाट्सएप एक ऐसी प्रतियोगिता लेकर आया है, जिसमें वो 35 लाख रुपए जीतने का मौका दे रहा है।
नई दिल्ली। सोशल नेटवर्किंग एप, व्हाट्सएप (WhatsApp) अब केवल एक मैसेंजर के तौर पर ही इस्तेमाल नहीं होता, बल्कि पिछले कुछ सालों में व्हाट्सएप की भूमिका मैसेंजर से कहीं ज्यादा और अहम हो चुकी है। व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए जहां लोगों के बीच लोकल सोशल नेटवर्क को एक मजबूत प्लेटफॉर्म मिला है, तो वहीं पिछले दिनों लॉन्च हुए व्हाट्सऐप बिजनेस एप्लीकेशन ने उद्यमियों और स्टार्टअप्स के सामने बिजनेस के लिए नए और बड़े मौके भी खड़े कर दिए हैं। इन सबके बाद अब व्हाट्सएप एक ऐसी प्रतियोगिता लेकर आया है, जिसमें वो 1 करोड़ 80 लाख रुपए की मोटी रकम इनाम के तौर पर देने जा रहा है। इस प्रतियोगिता का नाम है, 'स्टार्टअप इंडिया व्हाट्सएप ग्रैंड चैलेंज'।

5 विजेताओं को मिलेंगे 35.6 लाख रुपए
व्हाट्सएप ने भारत में 'स्टार्टअप इंडिया व्हाट्सएप ग्रैंड चैलेंज' लॉन्च किया है। प्रतियोगिता में टॉप 5 विजेताओं के लिए कुल इनाम राशि 1 करोड़ 80 लाख रुपए रखी गई है। इस प्रतियोगिता के लिए 30 मार्च 2019 तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद एक स्वतंत्र कमेटी आवेदन-पत्रों का मूल्यांकन करेगी। चुने गए लोगों में से अगले दौर के लिए 30 सबसे अच्छे आइडिया को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसी तरह इसके बाद के राउंड में 10 लोगों को चुनाव किया जाएगा। बेस्ट आइडिया देने वाले अंतिम रूप से चुने गए 10 लोगों को ग्रैंड फिनाले के फाइनल राउंड में हिस्सा लेने के लिए बुलाया जाएगा। इन सभी राउंड के बाद कमेटी अंत में 24 मई 2019 को बेस्ट आइडिया देने वाले पांच विजेताओं के नाम का ऐलान करेगी और हर विजेता को 50 हजार डॉलर यानी करीब 35.6 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा।

आपको करना क्या होगा?
अब जान लीजिए कि आपको करना क्या होगा? दरअसल भारत में स्टार्टअप के साथ-साथ उद्यमी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कोई भी उद्यमी हिस्सा ले सकता है और हेल्थकेयर, ग्रामीण क्षेत्र, अर्थव्यवस्था, फाइनेंशियल एंड डिजिटल इंक्लूजन, शिक्षा और नागरिक सुरक्षा जैसे अलग-अलग क्षेत्रों को लेकर अपने आइडिया भेज सकता है। आइडिया बिल्कुल नया होना चाहिए। अपनी मीडिया रिलीज में व्हाट्सएप ने बताया कि बड़े पैमाने पर सामाजिक-आर्थिक असर पैदा करने वाले और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुलझाने वाले लेटेस्ट आइडिया और बिजनेस मॉडल की सोच रखने वाले लोग इसमें आवेदन कर सकते हैं।

व्हाट्सएप के 20 करोड़ यूजर भारत में
आपको बता दें कि दुनियाभर में व्हाट्सएप के करीब 1.3 अरब यूजर हैं, जिनमें से अकेले 20 करोड़ यूजर भारत में हैं। व्हाट्सएप पिछले लगभग एक साल से अपने बिजनेस प्लेटफॉर्म पर काम कर रहा है। व्हाट्सएप का कहना है कि 'स्टार्टअप इंडिया व्हाट्सएप ग्रैंड चैलेंज' महत्वाकांक्षी उद्यमियों को उद्यम की दुनिया में कदम रखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। कंपनी की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, व्हाट्सएप ने करीब 84 फीसदी छोटे और मध्यम श्रेणी के व्यवसायों को उनके क्षेत्र में आगे बढ़ने में काफी मदद की है। इससे पहले, पिछले सप्ताह ही व्हाट्सएप ने ऐलान किया था कि 5 मिलियन से ज्यादा व्यवसाय इस समय व्हाट्सएप पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications