लोकसभा चुनाव 2014: हर बार की तरह इस बार भी पटना साहिब सीट पर चल रहा 'स्टार वार'

इस सीट का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है कि यहां से भाजपा उम्मीदवार के रूप में जहां अभिनेता-नेता शत्रुघ्न सिन्हा मैदान में हैं, वहीं कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गठबंधन ने भोजपुरी फिल्म अभिनेता कुणाल सिंह को मैदान में उतारा है। वैसे इस सीट से जनता दल (युनाइटेड) ने प्रख्यात चिकित्सक गोपाल प्रसाद सिन्हा को चुनावी समर में उतार दिया है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) ने बिहार की पूर्व मंत्री परवीन अमानुल्लाह को खड़ा कर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है।
स्टार वार से प्रसिद्ध हो चुकी इस सीट पर सभी प्रत्याशी जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा के प्रचार में उनकी पत्नी पूनम सिन्हा और उनके बेटे भी उतर चुके हैं, वहीं कुणाल अपनी पत्नी के साथ चुनाव प्रचार की कमान खुद संभाले हुए हैं। पटना साहिब से वैसे तो 19 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं, लेकिन राजनीति के जानकारों का मानना है कि इस सीट पर मुख्य रूप से 'स्टार वार' ही है।
वर्ष 2009 से अस्तित्व में आई पटना साहिब सीट पिछले चुनाव में भी शत्रुघ्न सिन्हा और टेलीविजन के मशहूर कलाकार शेखर सुमन के बीच मुकाबले की वजह से चर्चित हुई थी। इस संसदीय क्षेत्र में बख्तियारपुर, दीघा, बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब तथा फतुहा विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में इन छह विधानसभा क्षेत्रों में से चार पर जद (यू) भाजपा गठबंधन ने कब्जा किया था।
चुनाव प्रचार के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "हमको जनता का आशीर्वाद मिला है। हम चाहते हैं कि आशीर्वाद बना रहे और मोदी, जो भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं, वह प्रधानमंत्री बनें।" वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार कुणाल कहते हैं, "इस चुनाव में लोग अभिनेता सिन्हा को 'खामोश' करने के मूड में हैं।" उधर, चुनावी प्रचार में लगीं परवीन अमानुल्लाह भी अपनी जीत का दावा करते हुए गली-गली घूम रही हैं।
वे कहती हैं, "दो फिल्म अभिनेताओं के चुनावी मैदान में आने से मेरी राह आसान हो गई है। अभिनेता न लोगों के बीच जाते हैं और न उनकी समस्या सुनते हैं।" बहरहाल, स्टार प्रत्याशियों वाले पटना साहिब संसदीय क्षेत्र में स्टार के साथ-साथ नेता भी चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में स्थानीय मतदाता किसका साथ देंगे, यह तो चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा। लोगों को 17 अप्रैल को होने वाले चुनाव का बेसब्री से इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications