PICS: श्रीदेवी की आखिरी विदाई, रामेश्वरम में अस्थियां विसर्जित, बेटियों के साथ दिखे बोनी कपूर
नई दिल्ली। बॉलीवुड की सुपरस्टार श्रीदेवी की अस्थियों का विसर्जन शनिवार को रामेश्वरम में किया गया। शुक्रवार को एक विशेष विमान से श्रीदेवी की अस्थियां लेकर पति बोनी कपूर चेन्नई पहुंचे। श्रीदेवी के इंस्टा फैन पेज से शेयर की गई तस्वीर में अस्थियां विसर्जित करने के दौरान बोनी कपूर अपनी बेटियों के साथ नजर आए। उनके हाथों में अस्थि कलश था और साथ में दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। गौरतलब है कि श्रीदेवी का 24 फरवरी को, दुबई के एक होटल में बाथटब में डूब कर निधन हो गया था। उनकी मौत की अचानक खबर हर किसी के लिए सदमे से कम नहीं थी।

27 फरवरी को मुंबई आया था उनका शव
दुबई में तमाम औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद 27 फरवरी को उनकर पार्थिव शरीर मुंबई लाया गया था। बाद में 28 फरवरी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शुरुआती रिपोर्ट में श्रीदेवी की मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ये साबित हो गया कि उनकी मौत बाथटब में डूबकर हुई थी।

बोनी कपूर के साथ दोनों बेटियों ने भी दी थी मुखाग्नि
श्रीदेवी को अंतिम विदाई देते वक्त जान्हवी और खुशी को संभालना मुश्किल हो रहा था। सुष्मिता सेन ने बताया कि दोनों बेटियों ने इसके बावजूद बहुत संयम दिखाया। जान्हवी और खुशी, दोनों ही श्रीदेवी के पार्थिव शरीर के साथ शमशान घाट गई थीं। बोनी कपूर के साथ दोनों बेटियों ने मिलकर, श्रीदेवी को मुखाग्नि दी।

4 साल की उम्र से फिल्मों में काम
श्रीदेवी का जन्म तमिलनाडु के एक गांव में हुआ था। एक्ट्रेस के तौर पर तमिल फिल्मों से उन्होंने अपना करियर शुरू किया था। श्रीदेवी ने मात्र 4 साल की उम्र में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में पहली फिल्म की थी। बॉलीवुड में उनकी पहली फिल्म सोलहवां सावन थी। उन्होंने अलग-अलग भाषाओं की करीब 300 फिल्मों में काम किया। पिछले साल आई मॉम उनकी आखिरी फिल्म है।












Click it and Unblock the Notifications