SpiceJet ने फ़ुजैराह से दिल्ली, मुंबई और कोच्चि के लिए शुरू की स्पेशल फ्लाइट, भारतीयों की होगी वतन वापसी
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अचानक एयर स्पेस बंद होने के कारण फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए स्पाइसजेट ने मंगलवार को वहां से चार विशेष उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने इन राहत उड़ानों के अलावा यह भी बताया कि वह बुधवार (4 मार्च) से फुजैरा को दिल्ली और मुंबई से जोड़ने वाली अपनी नियमित निर्धारित उड़ानों को फिर से शुरू करेगी, जिससे सामान्य कनेक्टिविटी बहाल होगी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, फुजैरा से ये विशेष सेवाएं तीन भारतीय शहरों - दिल्ली, मुंबई और कोच्चि के लिए संचालित की जाएंगी। इनमें से दो उड़ानें मुंबई के लिए होंगी। विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि एयरलाइन अधिक से अधिक फंसे हुए भारतीयों को सुरक्षित घर वापसी में मदद करने के लिए, यात्रियों की आवश्यकताओं और नियामक अनुमोदनों के अधीन, और विशेष उड़ानें संचालित करने की संभावना तलाश रही है।

स्पाइसजेट के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा, "ऐसे समय में हमारी प्राथमिकता उन भारतीय नागरिकों का समर्थन करना है, जो अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं और घर लौटना चाहते हैं। हम अधिकारियों के समन्वय के लिए आभारी हैं, जिसने इन विशेष उड़ानों को संभव बनाया है। स्पाइसजेट अपने लोगों की सहायता के लिए, जहां भी आवश्यकता होगी, ऐसी और सेवाएं संचालित करने के लिए तैयार है।"
इसी बीच, इंडिगो ने भी 3 मार्च को जेद्दा से मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए चार उड़ानें संचालित कीं। गौरतलब है कि मंत्रालय ने पहले 3 मार्च को दस राहत उड़ानें चलाने का इरादा जताया था, लेकिन इंडिगो ने देर रात घोषणा की कि वह केवल चार उड़ानें ही संचालित करेगा। ये सेवाएं विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए थीं जिन्होंने टिकट खरीदे थे लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण यात्रा पूरी नहीं कर पाए थे।












Click it and Unblock the Notifications