'हमारे यहां तो प्रवासी मुख्यमंत्री हैं', घुसपैठियों और संभल रिपोर्ट के सवाल पर अखिलेश यादव का तंज
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को वोटर अधिकार यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने बिहार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार का माहौल बदलाव की ओर इशारा कर रहा है। इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
अखिलेश यादव ने वोटर अधिकार यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इससे चुनाव आयोग का SIR खुल गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'अब ऐसा लगने लगा है कि चुनाव आयोग जुगाड़ आयोग बन गया है।'

अखिलेश यादव का BJP पर सीधा हमला
अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा, 'बीजेपी इस्तेमाली पार्टी है- पहले इस्तेमाल करती है, फिर बर्बाद कर देती है। इसके कई उदाहरण मौजूद हैं। इस बार बिहार में सौहार्द और भाईचारे की जीत होगी।'
'काम का हिसाब दें सरकारें'
सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि इतने वर्षों में बिहार सरकार ने क्या किया और दिल्ली की सरकार ने जनता से किए वादों को किस हद तक पूरा किया? उन्होंने कहा कि लोग सब याद रखते हैं और अब जवाब मांग रहे हैं।
संभल रिपोर्ट पर तंज, CM को कहा 'प्रवासी'
संभल रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने इसे बीजेपी की चाल बताया। उन्होंने कहा, 'यह रिपोर्ट सिर्फ ध्यान भटकाने का काम कर रही है। हमारे मुख्यमंत्री खुद प्रवासी मुख्यमंत्री हैं। उन्हें अपना ट्रैक रिकॉर्ड बताना चाहिए - कितनी नौकरियां दीं, कितना निवेश लाए और कितना विकास किया।'
घुसपैठ और प्रवास का मुद्दा
घुसपैठ पर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने पलटवार किया और कहा, 'घुसपैठिया किसे कहेंगे? हमारे यहां तो खुद प्रवासी मुख्यमंत्री हैं।'
क्या है संभल रिपोर्ट का मामला?
दरअसल, उत्तर प्रदेश के संभल में दंगों की जांच के लिए गठित न्यायिक समिति ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार होने वाले सांप्रदायिक दंगों की वजह से शहर में हिंदुओं की आबादी में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जांच में सामने आया है कि इन दंगों ने संभल की जनसांख्यिकी (Demography) को गहराई से प्रभावित किया है।
हिंदुओं की आबादी 45 से घटकर 15 से 20 प्रतिशत
रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि संभल में हिंदुओं की आबादी 1947 में 45 प्रतिशत से घटकर अब केवल 15 से 20 प्रतिशत रह गई है। 450 पेज की यह रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है।












Click it and Unblock the Notifications