Monsoon लगा सकता है बड़ी छलांग, बिहार समेत कई राज्यों में तय समय से पहले पहुंचने के आसार
नई दिल्ली। 1 जून को मानसून के केरल में दस्तक देने के बाद देश के कई राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला चालू है, भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि मानसून बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ आया है और अगर उसके बढ़ने की यही गति रही तो देश के कई राज्यों में यह अपने तय तारीख से भी पहले पहुंच सकता है, आईएमडी ने कहा है कि मानसून के बिहार में निर्धारित समय से पहले दस्तक देने के पूरे आसार हैं, आमतौर पर ये बिहार में 15 जून के आस-पास पहुंचता है लेकिन इस बार यह 12-13 जून के बीच बिहार पहुंच सकता है, विभाग ने कहा है कि मानसून सबसे पहले बिहार के पूर्णिया जिले में दस्तक देगा, इस बार यहां अच्छी बारिश की संभावना है।

बिहार में समय से पहले पहुंच सकता है Monsoon
तो वहीं स्काईमेट के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बनने वाले इस सिस्टम के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून बड़ी छलांग लगाने वाला है, इसके कारण जहां इसके प्रभाव से मानसून पूर्वोत्तर को पार कर पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में जल्दी पहुंच जाएगा वहीं अरब सागर से उठने वाली सक्रिय लहर के कारण इसका पश्चिमी सिरा भी प्रगति करेगा, जिसके कारण देश के कुछ राज्यों में ये पहले पहुंच सकता है।

इन राज्यों में इन तारीखों को पहुंचेगा मानसून
इससे पहले आईएमडी ने कहा था कि झारखंड में तो यह 15 जून तक और राजधानी दिल्ली में 20 जून तक पहुंचेगा और महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश में भी इसी दौरान मानसून आ सकता है तो वहीं स्काईमेट के मुताबिक दिल्ली में मानसून 27 जून के आस-पास पहुंचेगा और इस बार सामान्य से अधिक बारिश होगी।

दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल स्थितियां हैं
आईएमडी ने कहा है कि मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल स्थितियां हैं और ये तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसके कारण गोवा, कोंकण, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों के दौरान भारी बारिश हो सकती है।

भीगी-भीगी सी रहेगी राजधानी
और आज से लेकर आगामी शुकवार तक रोजाना दिल्ली-एनसीआर के आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे, इस दौरान तेज हवा चलेगी, पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार तक लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी, इस बीच सप्ताहंत यानी शनिवार को बारिश के भी आसार हैं तो वहीं, 15 जून से गर्मी परेशान कर सकती है, जबकि 20 जून तक मानसून के पहुंचने के आसार है, जिसके कारण दिल्ली में बारिश होगी, फिलहाल अगले 7 दिनों तक दिल्ली में मौसम सुहाना रहने के आसार हैं।












Click it and Unblock the Notifications