IT के रडार पर सोनिया गांधी, शत्रुघ्न सिन्हा, मुलायम सिंह, संपत्ति में 500 फीसदी की बढ़ोत्तरी!
नई दिल्ली। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने बीते हफ्ते सुप्रीम कोर्ट को सात सांसदों और 98 विधायकों के नाम वाला सीलबंद लिफाफा सौंप दिया है। इन विधायकों और सांसदो की संपत्ति बेतहाशा बढ़ी है और ये आयकर विभाग के रडार पर हैं। इस मामले को लेकर कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। इन सभी के नाम सीलबंद लिफाफे में कोर्ट को सौंपे गए है लेकिन हरियाणा के पलवल से कांग्रेस विधायक कर्ण सिंह दलाल ने मंगलवार को इस लिस्ट में शामिल नामों की जानकारी होने की बात कही है।

आयकर विभाग की छापेमारी से नाराज बताए जा रहे हरियाणा के पलवल से कांग्रेस विधायक कर्ण सिंह दलाल ने मंगलवार को चंडीगढ़ में सांसदों की सूची जारी की है, उनका दावा है कि ये ही वो सांसद हैं जिनकी संपत्ति में भारी बढ़ोतरी हुई है। दलाल का दावा है कि उनके पास वही सूची है, जो केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने सुप्रीम कोर्ट को सौंपी है।
दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक, इन सांसदों में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव, मोदी सरकार में मंत्री डीबी सदानंद गौड़ और अर्जुन राम मेघवाल के अलावा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा समेत 15 भाजपा सांसदों के नाम इस सूची में शामिल हैं। बीते पांच साल में इन सांसदों की संपत्ति में 512 से 5649 फीसदी तक इजाफा हुआ है।
CBDT ने 11 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने बताया था कि सात सांसदों और 98 विधायकों की संपत्ति की जांच में ये बात सामने आई है कि इन जन प्रतिनिधियों की संपत्ति में बीते कुछ समय में ज्यादा ही तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। इन जनप्रतिनिधियों की संपत्तियों की शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि इनकी संपत्ति में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हुई है, जो उनकी चुनावी हलफनामें में बताई कमाई को देखते हुए कहीं ज्यादा है।12 सिंतबर को इनके नाम कोर्ट को सौंप दिए गए थे।
लखनऊ के एनजीओ लोक प्रहरी ने 26 लोकसभा सांसदों, 11 सांसदों और 257 विधायकों के चुनावी हलफनामे में दी कमाई में और उनकी संपत्तियों में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी को लेकर सवाल उठाए थे। एनजीओ ने इस बाबत सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसी पर इसके बाद आयकर विभाग ने अपनी जांच शुरू की। इसी पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications