पीएम मोदी के बाद सीएम केजरीवाल से मां के न्याय के लिए गुहार लगाएंगी सोनाली फोगाट की बेटी
हिसार, 07 सितंबर। भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मौत के रहस्य से अभी तक पर्दा नहीं उठ सका है। इस पूरे मामले की जांच चल रही है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शाम को सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा फोगाट से मिलने के लिए जाएंगे। दोनों ही मुख्यमंत्री सोनाली की बेटी से मुलाकात करके उन्हें सांत्वना देंगे। माना जा रहा है कि दोनों ही इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग रखेंगे।

बेटी ने दोनों मुख्यमंत्री से की अपील
सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा ने बताया कि मैं दोनों मुख्यमंत्री से कहूंगा कि वह हरियाणा व गोवा के मुख्यमंत्री से बात करें और मेरी मां की मौत की सीबीआई जांच की बात कहे। यशोधरा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस बात का भरोसा दिया है कि वह मदद करेंगे। लेकिन अभी तक कुछ भी नहीं हुआ। हम केजरीवाल से अपील करेंगे कि वह सीबीआई जांच करवाएं। उनके पास यह अधिकार नहीं है लेकिन हम उनसे अपील करेंगे कि वह इसके लिए बात करें।

बेटी ने मांगा मां के लिए न्याय
वहीं यशोधरा ने कहा कि हमारे परिवार को सुरक्षा की जरूरत है। हमने सीबीआई जांच की मांग की है। लेकिन कोर्ट ने मना कर दिया है। गोवा पुलिस भी कुछ नहीं कर रही है। इससे पहले यशोधरा ने प्रधानमंत्री मोदी और हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर को ट्वीट करके मां के लिए न्याय की मांग की थी। यशोधरा ने ट्वीट में लिखा मैं सोनाली फोगाट की बेटी हूं और अपील करती हूं कि मेरी मां को न्याय मिले।

23 अगस्त को हुई थी मौत
गौर करने वाली बात है कि सोनाली फोगाट की 23 अगस्त को मौत हो गई थी। वह गोवा के क्लब में बीमार पड़ गई थीं, इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इस मामले में गोवा पुलिस ने सोनाली फोगाट के साथी सांगवान और सिंह को गिरफ्तार किया था। ये दोनों फोगाट के साथ ही गोवा पहुंचे थे। पुलिस ने कर्लीज रेस्टोरेंट के मालिक को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि सोनाली फोगाट को मेथामफेटामाइन नाम की ड्रग दी गई थी। इसका एक पाउच रेस्टोरेंट के वॉशरूम में भी मिला था।












Click it and Unblock the Notifications