दिनदहाड़े हत्या के मामले में फंसा राजस्थान के मंत्री का बेटा
सोमवार को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिला कोर्ट में एक हत्या के मामले में गवाही देने गए 45 वर्षीय हरीश सिंधी की दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस दो आरोपी सुखबीर सिंह और धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर चुकी है। अदालत परिसर में हुई इस हत्या के मामले में राजस्थान के जल संसाधन मंत्री डॉ. रामप्रतात के बेटे अमित साहू को भी नामजद किया गया है।

इस हत्या के मामले में अब तक कुल 6 लोगों को नामजद किया गया है। मारे गए व्यक्ति हरीश सिंधी के परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के बाद इन 6 लोगों को हत्या के इस मामले में नामजद किया गया है। इन आरोपियों में सुखबीर सिंह, धर्मेंद्र, अमित साहू, सोममुनि और श्रवण के अलावा एक महिला सौमा भी शामिल हैं।
पुलिस ने इन 6 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 307, 143, 120बी और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों सुखबीर सिंह और धर्मेंद्र को मंगलवार को अदालत में पेश भी किया जा चुका है।
हत्या के मामले में आरोपी बनाए गए राजस्थान जल संसाधन मंत्री के बेटे अमित साहू ने कहा कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।, बल्कि उन्हें सिर्फ राजनीतिक कारणों के चलते इस मामले में घसीटा जा रहा है। अमित ने कहा कि अभी तक इस मामले में पुलिस ने उन्हें नहीं बुलाया है, अगर पुलिस उन्हें बुलाती है तो वे जरूर जाएंगे और जांच में पूरी मदद करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications