J&K:पाकिस्तान ने राजौरी में किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, एक जवान शहीद
जम्मू। पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों पर गुरुवार को भारी गोलीबारी और मोर्टार दागकर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। इस गोलीबारी में जिसमें एक जवान शहीद हो गया। जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर में भी सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड हमले की खबर है। आतंकवादियों द्वारा किए गए ग्रेनेड हमले में एक अधिकारी सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गये।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने बृहस्पतिवार सुबह सुंदरबनी सेक्टर के केरी इलाके में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया। शहीद जवान की पहचान जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के निवासी राइफलमैन यश पॉल के रूप में हुई है। पाकिस्तानी सेना ने जनवरी से नियंत्रण रेखा पर 100 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।
वहीं दूसरी ओर गुरुवार को ही जम्मू-कश्मीर के सोपोर में आतंकवादियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस हमले में एक अधिकारी सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। होली के त्योहार वाले दिन इलाके में इस तरह के हमले के बाद चारों तरफ दहशत है। पुलिस ने मोबाइल सेवा इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी है। अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी की है और तलाशी अभियान शुरू किया है।
भारतीय सेना की बालाकोट में की गई एयर स्ट्राइक के बाद सीमा पर सीजफायर उल्लघंन की घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है। इसी बीच अमेरिका ने बुधवार को पाकिस्तान से दो टूक कहा है कि वह आतंक के आकाओं के खिलाफ ठोस, सटीक एवं निर्णायक कार्रवाई करे और अब अगर भारत पर कोई और आतंकी हमला हुआ तो फिर इस्लामाबाद के लिए 'बहुत मुश्किल' हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications