कर्नल सोफिया के बाद अब विंग कमांडर व्योमिका पर विवादित टिप्पणी, सपा नेता रामगोपाल यादव ने दिया जातिसूचक बयान
Wing Commander Vyomika Singh: 'ऑपरेशन सिंदूर' से चर्चा में आईं भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मध्य प्रदेश के भाजपा मंत्री विजय शाह की विवादित टिप्पणी के बाद अब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर जातिसूचक बयान देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।
गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक जनसभा के दौरान रामगोपाल यादव ने कहा, "विंग कमांडर व्योमिका सिंह हरियाणा की जाटव हैं..., लेकिन भाजपा ने उन्हें राजपूत समझकर कुछ नहीं कहा। जबकि कर्नल सोफिया कुरैशी के मुसलमान होने पर भाजपा के मंत्री ने गाली दी।" रामगोपाल के बयान में प्रयुक्त कुछ शब्द इतने आपत्तिजनक थे कि उन्हें सार्वजनिक रूप से लिखा तक नहीं जा सकता।

यह भी पढ़ें- Who is Vijay Shah: 8 बार के MLA व BJP मंत्री विजय शाह ने सोफिया कुरैशी को बताया आतंकियों की बहन, FIR दर्ज
उन्होंने मंच से सवाल किया, "क्या भाजपा के नेता या उनके बच्चे बॉर्डर पर युद्ध लड़ने गए थे? अगर नहीं, तो फिर केवल भाजपा ही इसका श्रेय क्यों लेना चाहती है?" रामगोपाल ने यह भी कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी को भाजपा मंत्री ने गाली दी और हाईकोर्ट को उनके खिलाफ FIR के आदेश देने पड़े।
रामगोपाल यादव यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, "ऑपरेशन सिंदूर में एयर ऑपरेशन को अंजाम देने वाले एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती यादव हैं। एक मुसलमान, दूसरी जाटव और तीसरा यादव - ये तीनों PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से हैं। पूरा युद्ध PDA ने लड़ा। भाजपा किस आधार पर इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।"
भाजपा नेता विजय शाह ने क्या कहा था?
रामगोपाल यादव के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "सेना की वर्दी जातिवादी चश्मे से नहीं देखी जाती। भारतीय सेना का हर सैनिक राष्ट्रधर्म निभाता है, न कि किसी जाति या मजहब का प्रतिनिधित्व करता है। एक वीरांगना बेटी को जाति की सीमा में बांधना संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है और सेना के शौर्य का अपमान है।"
सीएम योगी ने कहा कि यह वही मानसिकता है जो तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति में राष्ट्रभक्ति तक को विभाजित करने का दुस्साहस करती है। उन्होंने कहा, "इस विकृत सोच को जनता माकूल जवाब देगी।"

'ऑपरेशन सिंदूर' की प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहीं चर्चा में
उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम हमले के बाद भारत की तीनों सेनाओं के संयुक्त ऑपरेशन सिंदूर के दौरान विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी दोनों ही विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ चार प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल रहीं। इस ऑपरेशन ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक और साहसी कार्रवाई को अंजाम दिया।












Click it and Unblock the Notifications