बांग्लादेश से क्यों आने लगे भारत में इतने टूरिस्ट
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) यह अपने आप में खबर नहीं है कि भारत में आने वाल पर्यटकों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। यह भी खबर नहीं है कि आने वाले पर्यटकों में अमेरिका और ब्रिटेन के पर्यटकों का नंबर पहला और दूसरा है। खबर यह है कि भारत आने वाले पर्यटकों में पड़ोसी बांग्लादेश तीसरे स्थान पर आ गया है।

अमेरिका आगे
नवम्बर, 2014 के दौरान भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की प्रतिशत भागीदारी में शीर्ष स्थान पाने वाले प्रमुख स्रोत देशों में सबसे अधिक अमरीका (14.96 प्रतिशत), ग्रेट ब्रिटेन (10.97 प्रतिशत), बांग्लादेश (9.10 प्रतिशत), रूसी संघ (4.95 प्रतिशत), ऑस्ट्रेलिया (4.15 प्रतिशत), आदि शामिल हैं।
कारणों का पता चले
जानकारों को भी यह बात समझ नहीं आ रही कि बांग्लादेश से अचानक से इतने पर्यटक भारत क्यों आने लगे। पर्यटन मामलों के एक जानकार ने कहा कि बांग्लादेश से आने वाले पर्य़टकों की संख्या में इजाफे के कारणों का पता लगाया जाना चाहिए।
लाखों विदेशी पर्यटक आए
दरअसल नवम्बर, 2014 के दौरान 7.5 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए, जबकि नवम्बर, 2013 के दौरान 7.34 लाख और नवम्बर, 2012 के दौरान 7.01 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए। मिली जानकारी के अनुसार, नवम्बर, 2014 में नवम्बर, 2013 की तुलना में विदेशी पर्यटकों के भारत आगमन में 2.2 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
जनवरी-नवम्बर, 2014 की अवधि के दौरान 65.85 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए, जबकि जनवरी-नवम्बर, 2013 के दौरान 61.46 लाख विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ था, जो 7.1 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है।
विदेशी मुद्रा की कमाई
जानकारी के अनुसार, नवम्बर, 2014 के दौरान पर्यटन से 11,201 करोड़ के समतुल्य विदेशी मुद्रा अर्जित की गई, जबकि नवम्बर, 2013 और नवम्बर, 2012 में यह राशि 10,663 करोड़ और 9,723 करोड़ थी।
पर्यटन से विदेशी मुद्रा की कमाई में रूपए के रूप में नवम्बर, 2014 में नवम्बर, 2013 की तुलना में 5.0 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई।
पर्यटन से विदेशी मुद्रा की कमाई में रूपए के रूप में जनवरी-नवम्बर, 2014 के दौरान 1,07,208 करोड़ के समतुल्य विदेशी मुद्रा अर्जित की गई जो वर्ष 2013 की समान अवधि की तुलना में 12.1 प्रतिशत अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications